
हल्द्वानी – सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नैनीताल पुलिस ने जनपदभर में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में यातायात पुलिस, सीपीयू और थाना पुलिस की टीमें वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक कर रही हैं। अभियान के तहत दोपहिया वाहनों पर चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट पहनने के प्रति विशेष रूप से जागरूक किया जा रहा है। वहीं, स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूल बसों और वैन की नियमित चेकिंग भी की जा रही है।
डबल हेलमेट अभियान पर विशेष जोर
नैनीताल पुलिस द्वारा चलाए जा रहे डबल हेलमेट जागरूकता अभियान के तहत वाहन चालकों को बताया जा रहा है कि दोपहिया वाहन पर चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य है। पुलिसकर्मी जागरूकता पंपलेट वितरित कर लोगों को हेलमेट के महत्व की जानकारी दे रहे हैं। साथ ही ISI मार्क हेलमेट का सही तरीके से इस्तेमाल करने की अपील की जा रही है, ताकि दुर्घटना की स्थिति में सिर की चोट से बचाव हो सके।
यातायात नियमों का पालन करने की अपील
अभियान के दौरान पुलिस लोगों को दोपहिया वाहन पर चालक और पीछे बैठने वाले दोनों व्यक्तियों के हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और ओवरस्पीडिंग से बचने के लिए जागरूक कर रही है। इसके अलावा वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी न बैठाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने और नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने देने की अपील की जा रही है।
स्कूली बसों और वैन की लगातार चेकिंग
स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस जनपद में संचालित स्कूल बसों और वैन की नियमित जांच कर रही है। चेकिंग के दौरान वाहनों की निर्धारित सीटिंग क्षमता, सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन उपकरण और अन्य जरूरी सुरक्षा मानकों की पड़ताल की जा रही है। जांच में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित वाहन चालकों और संचालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की जा रही है।
यातायात पुलिस और थाना टीमें अभियान में जुटीं
एसएसपी के निर्देश पर निरीक्षक यातायात हल्द्वानी, नैनीताल और भवाली सहित रामनगर, सीपीयू तथा सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान चला रहे हैं। पुलिस का उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।

