
लालकुआँ – (जफर अंसारी) (भीम आर्मी) से जुड़ी (आज़ाद समाज पार्टी) ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मज़बूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाया है। पार्टी ने अम्बेडकर नगर निवासी युवा सामाजिक कार्यकर्ता अरविंद कुमार उर्फ़ आनू को लालकुआँ नगर अध्यक्ष की ज़िम्मेदारी सौंपी है।
पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार, यह नियुक्ति संगठन विस्तार अभियान का अहम हिस्सा है। अरविंद कुमार लंबे समय से सामाजिक मुद्दों पर सक्रिय रहे हैं और शोषित, वंचित व पीड़ित वर्ग की आवाज़ को निरंतर मजबूती से उठाते रहे हैं। उनकी सक्रियता, जनसरोकारों से जुड़ाव और क्षेत्र में मजबूत पकड़ को देखते हुए पार्टी ने उन पर भरोसा जताया है।
जिला पदाधिकारियों का कहना है कि अरविंद कुमार की नियुक्ति से लालकुआँ क्षेत्र में संगठन को नई दिशा और नई ऊर्जा मिलेगी। संगठन को ऐसे ही युवा, ऊर्जावान और जमीनी कार्यकर्ताओं की आवश्यकता है, जो समाज के बीच जाकर काम करें और पार्टी की विचारधारा को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुँचाएँ।
नियुक्ति के बाद अरविंद कुमार उर्फ़ आनू ने कहा कि यह पद उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी ज़िम्मेदारी भी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे संविधान, समानता, सामाजिक न्याय और भाईचारे की मूल भावना को आधार बनाकर काम करेंगे।
क्षेत्र के युवाओं को संगठन से जोड़ना, स्थानीय समस्याओं को सुनकर समाधान के लिए संघर्ष करना और आम जनता की आवाज़ को प्रशासन तक पहुँचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने आगे कहा कि नगर पंचायत लालकुआँ में शिक्षा, बेरोज़गारी, उत्पीड़न, सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर वे जनता के साथ मिलकर संघर्ष करेंगे और संगठन के साथ समाज की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाते रहेंगे।
अरविंद कुमार की नियुक्ति को लेकर स्थानीय कार्यकर्ताओं में भी खासा उत्साह देखा गया। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों ने उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस मौके पर जिला सचिव सुरेश चन्द्र बेरी, खीमचन्द्र आर्या, मो. सुलेमान, फिरोज़ खान, संतोष आर्य, महेश चन्द्र, हरेन्द्र सिंह, मदन राम, अरविंद कुमार सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


