
हल्द्वानी – नगर निगम हल्द्वानी के पार्षद सलमान सिद्दीकी जिला योजना समिति, नैनीताल के सदस्य पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तराखंड की ओर से 14 अक्टूबर 2026 को उन्हें निर्वाचन प्रमाण-पत्र जारी किया गया। उनके निर्विरोध निर्वाचन पर समर्थकों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।
जिला योजना समिति के सदस्य निर्वाचित होने पर पार्षद सलमान सिद्दीकी ने सभी समर्थकों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता के स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद से उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। यह उनके लिए गर्व का विषय होने के साथ ही जनसेवा के क्षेत्र में और अधिक सक्रियता से कार्य करने का अवसर भी है।
सलमान सिद्दीकी ने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र के विकास, जनहित के कार्यों और आमजन की समस्याओं के समाधान पर रहेगी। वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए विकास कार्यों को गति देने का प्रयास करेंगे। साथ ही जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
उन्होंने कहा कि जनसेवा और विकास के कार्यों में क्षेत्रवासियों का सहयोग और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयास जारी रखेंगे।

