सरस मेले में कल सजेगी पूर्वांचल नाइट, भगत सिंह कोश्यारी करेंगे सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ

ख़बर शेयर करे -

रुद्रपुर – गांधी पार्क में आयोजित सरस आजीविका मेला एवं यूएस नगर कार्निवल लगातार सफलता के नए आयाम स्थापित कर रहा है। मेले के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए महापौर विकास शर्मा ने बताया कि गुरुवार,

19 फरवरी को आयोजित होने वाली सांस्कृतिक संध्या में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वे शाम 7 बजे दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ करेंगे।

गुरुवार की शाम विशेष रूप से ‘पूर्वांचल बॉलीवुड नाइट’ के नाम रहेगी, जिसमें पूर्वांचल की लोक संस्कृति, संगीत और रंगारंग प्रस्तुतियों की झलक देखने को मिलेगी। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण पूर्वांचल के सुप्रसिद्ध कलाकार रूपेश मिश्रा और उत्तराखंड की लोकप्रिय गायिका श्वेता मेहरा होंगी। दोनों कलाकारों की प्रस्तुतियां दर्शकों को संगीत और मनोरंजन से भरपूर अनुभव देंगी।

इसके अलावा, कई अन्य स्थानीय एवं आमंत्रित कलाकार भी मंच पर अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। इस विशेष सांस्कृतिक संध्या को और यादगार बनाने के लिए अनेक विशिष्ट अतिथियों को भी आमंत्रित किया गया है, जो कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएंगे।

महापौर विकास शर्मा ने बताया कि 14 फरवरी से शुरू हुआ यह मेला 23 फरवरी तक चलेगा। इस दौरान प्रतिदिन विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों की संस्कृति पर आधारित कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मेले में रोजाना बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं और स्थानीय हस्तशिल्प, उत्पादों के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भरपूर आनंद ले रहे हैं।

महापौर ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे पूर्वांचल नाइट के अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में गांधी पार्क पहुंचकर कलाकारों का उत्साहवर्धन करें और सरस मेले की रंगीन शाम का हिस्सा बनें।

See also  उत्तराखंड_राजधानी देहरादून में लगी भीषण आग, 22 झोपड़ियाँ जलकर राख,देखें सिलेंडर फटने का लाइव वीडियो

ख़बर शेयर करे -