रूद्रपुर में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यों की समीक्षा, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास ने दिए अहम निर्देश

ख़बर शेयर करे -

रूद्रपुर – जनपद के जिला सभागार स्थित डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम सभागार में सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखण्ड मस्तू दास की अध्यक्षता में विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO), पर्यवेक्षक एवं बीएलओ उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान श्री दास ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य को अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील बताते हुए निर्देश दिए कि SIR से संबंधित सभी अभिलेख, प्रपत्र एवं आवश्यक दस्तावेज सुव्यवस्थित और सुरक्षित रखे जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी जांच, आपत्ति या स्पष्टीकरण की स्थिति में स्पष्ट और त्वरित उत्तर प्रस्तुत किया जाना चाहिए।

उन्होंने निर्वाचन से जुड़े प्रत्येक कार्य को पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता और विधि-सम्मत प्रक्रिया के तहत संपादित करने पर जोर दिया। मतदाता सूची में नाम विलोपन की प्रक्रिया पर विशेष ध्यान देते हुए निर्देश दिए गए कि संबंधित मतदाताओं को अपना पक्ष रखने का पर्याप्त अवसर प्रदान किया जाए, ताकि किसी भी मतदाता के अधिकारों का हनन न हो।

बैठक में SIR मैपिंग कार्य की प्रगति की भी विस्तार से समीक्षा की गई। जिन बीएलओ की मैपिंग कार्य में प्रगति धीमी पाई गई, उनसे कारण पूछे गए और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। श्री दास ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति का नाम दो अलग-अलग स्थानों पर दर्ज पाया जाता है, तो नियमानुसार एक स्थान से नाम हटाने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए, जिससे मतदाता सूची की शुद्धता और विश्वसनीयता बनी रहे।

उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि जिन मतदाताओं की मैपिंग अब तक नहीं हो सकी है, उनके संबंध में स्पष्ट टिप्पणी दर्ज की जाए। बिना कारण अंकित किए कोई भी प्रविष्टि अधूरी न छोड़ी जाए।

See also  एक एक को निपटाने का गा+बा साहब का मिशन सफल हुआ....

परिवार आधारित मैपिंग पर जोर देते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि एक ही परिवार के सभी सदस्यों का नाम एक ही बूथ पर सुनिश्चित किया जाए। यदि परिवार के सदस्य अलग-अलग बूथों पर दर्ज हैं, तो नियमानुसार प्रक्रिया पूर्ण कर उन्हें सही बूथ पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि मतदान के समय असुविधा न हो। सभी विधानसभा क्षेत्रों में बीएलए की नियुक्ति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक के अंत में श्री दास ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की शुचिता और विश्वसनीयता बनाए रखना सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने समर्पण, सतर्कता और निष्पक्षता के साथ दायित्वों के निर्वहन का आह्वान किया।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, उपजिलाधिकारी अमृता शर्मा, गौरव पाण्डेय, अभय प्रताप सिंह, तुषार सैनी, राहुल शाह, रिचा सिंह, सहायक निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र अधिकारी, तहसीलदार, पर्यवेक्षक एवं बीएलओ उपस्थित रहे।


ख़बर शेयर करे -