
नैनीताल – मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए जनपद नैनीताल में विशेष अभियान शुरू किया जा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के साथ ही वर्तमान सूची का पुनः सत्यापन किया जाएगा।
अभियान को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची को अधिक विश्वसनीय एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए राजनीतिक दलों से सक्रिय सहयोग की अपेक्षा की गई।
8 से 10 अक्टूबर तक हर बूथ पर विशेष कैंप
अभियान के पहले चरण में 8 से 10 अक्टूबर 2026 तक जनपद के प्रत्येक मतदान केंद्र पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। कैंप में बीएलओ, संबंधित बीएजी सदस्य और बीएलए-2 वर्तमान मतदाता सूची का पूर्व की मतदाता सूची से मिलान करेंगे।
इस दौरान ऐसे पात्र नागरिकों की पहचान की जाएगी, जिनका नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाया है। साथ ही मतदाता सूची में आवश्यक सुधार और सत्यापन की प्रक्रिया भी की जाएगी।
12 से 20 अक्टूबर तक घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ
विशेष कैंप के बाद 12 से 20 अक्टूबर 2026 तक घर-घर सत्यापन अभियान चलाया जाएगा। बीएलओ, बीएलए-2 के सहयोग से चिन्हित मतदाताओं के घर पहुंचकर उनके विवरण का सत्यापन करेंगे।
सत्यापन के दौरान पात्र पाए जाने वाले ऐसे नागरिक, जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, उनका फॉर्म-6 के माध्यम से पंजीकरण कराया जाएगा। इसके अलावा पहली बार मतदान करने वाले युवाओं और नए पात्र मतदाताओं को भी मतदाता सूची में शामिल करने की कार्रवाई की जाएगी।
जिले में 6,97,547 मतदाता दर्ज
जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार 3 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में नैनीताल जिले में कुल 6,97,547 मतदाता दर्ज हैं। अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची में पात्र नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ सूची को अधिक अद्यतन और विश्वसनीय बनाना है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और बीएलए से अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रयास यह होना चाहिए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे।
उन्होंने राजनीतिक दलों और संबंधित अधिकारियों से अभियान के दौरान आपसी समन्वय बनाए रखने तथा पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल कराने में सहयोग करने का आह्वान किया।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय, उप जिलाधिकारी नवाजिश खलिक सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

