रुद्रपुर में स्टेट पैरा बैडमिंटन चैंपियनशिप का भव्य समापन, राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का चयन

ख़बर शेयर करे -

रुद्रपुर – उत्तराखंड स्टेट पैरालंपिक एसोसिएशन एवं डिसेबल्ड स्पोर्टिंग सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित स्टेट पैरा बैडमिंटन चैंपियनशिप एवं चयन ट्रायल 2026 का समापन समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में खिलाड़ियों के उत्साह और उमंग ने पूरे आयोजन को विशेष बना दिया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बाल संरक्षण आयोग के सदस्य दीपक गुलाटी, नगर निगम रुद्रपुर के पूर्व महापौर रामपाल सिंह तथा डिसेबल स्पोर्टिंग सोसायटी के प्रदेश अध्यक्ष भारत भूषण चुघ उपस्थित रहे। अतिथियों ने चयनित एवं विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्य अतिथि दीपक गुलाटी ने अपने संबोधन में कहा कि पैरा खिलाड़ी सीमित संसाधनों और चुनौतियों के बावजूद अनुकरणीय प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों की मेहनत और जज्बा समाज के लिए प्रेरणास्रोत है तथा वे प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहे हैं।

चैंपियनशिप के माध्यम से चयनित खिलाड़ी 6 से 10 मार्च तक तेलंगाना में आयोजित राष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन चैंपियनशिप में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।

विभिन्न श्रेणियों में चयनित खिलाड़ियों में गर्वित यादव, गौरव पांड्या, शुभेंदु मन्ना, कुंदन सिंह भंडारी, विनोद रावत, गौरव नयाल, शरद जोशी, रोहित कार्की, नवनीत पैन्यूली, अजीत सिंह, शिवांगी पांडे, तरुण सिंह, प्रेमा विश्वास, कमाल हसन, रवि पाल, चिराग बरेठा, हर्षित राजपूत और उमा सरकार शामिल हैं। इस उपलब्धि पर उपस्थित अतिथियों ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।

कार्यक्रम में पैरालंपिक एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड की सचिव श्रीमती अमिता, एनआईएस कोच प्रेम कुमार, जिला क्रीड़ा अधिकारी श्रीमती जानकी कार्की, गोविंद परिहार, रघुनाथ विश्वास, संदीप चौधरी, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी प्रीति गोस्वामी,

See also  संगठन के वार्षिक उत्सव एवं पटेल जयंती सम्मान समारोह में हजारों महिलाएं हुई सम्मानित

नीलिमा राय, सत्य प्रकाश, सूर्य प्रताप सिंह भंडारी, भुवन गुप्ता और शालू पाल सहित अनेक पदाधिकारी, गणमान्य अतिथि और खेलप्रेमी उपस्थित रहे। आयोजन संयोजक हरीश चौधरी ने सफल आयोजन के लिए सभी सहयोगियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

समापन अवसर पर विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए गए। इस आयोजन ने प्रदेश में पैरा खेलों को नई दिशा देने और दिव्यांग खिलाड़ियों को प्रोत्साहन प्रदान करने का सकारात्मक संदेश दिया।


ख़बर शेयर करे -