दहेज के लालच में पति बना हैवान, कंबल से मुंह दबाकर पत्नी की हत्या,पुलिस ने किया गिरफ्तार

ख़बर शेयर करे -

देहरादून – राजधानी देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र से दहेज उत्पीड़न और हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने नवविवाहिता की हत्या के आरोप में उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने पत्नी की बीमारी का फायदा उठाकर रात के समय कंबल से उसका मुंह दबाकर हत्या कर दी और बाद में बीमारी से मौत का झूठा बहाना बनाकर मामले को छिपाने की कोशिश की।

पुलिस के अनुसार मृतका कहकशा आलम की शादी 19 नवंबर 2025 को रिस्पना नगर निवासी शहवाज आलम के साथ हुई थी। मृतका के भाई सलमान आसिफ ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज को लेकर उसकी बहन को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था।

बताया जा रहा है कि 3 मार्च की रात ससुराल पक्ष द्वारा कहकशा को गंभीर हालत में महंत इंद्रेश अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से मिली सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। चूंकि विवाह को चार माह ही हुए थे, इसलिए मजिस्ट्रेट की निगरानी में पंचनामा की कार्रवाई और डॉक्टरों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गठित की गई। जांच के दौरान संदेह के आधार पर पति शहवाज आलम से पूछताछ की गई, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हो गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी शादी उसकी इच्छा के विरुद्ध कराई गई थी और वह पत्नी के कम पढ़े-लिखे होने तथा कम दहेज मिलने से नाराज था। इसी कारण उसने पत्नी को रास्ते से हटाने की योजना बनाई, ताकि भविष्य में किसी पढ़ी-लिखी महिला से शादी कर अधिक दहेज हासिल कर सके।

See also  गोवंश संरक्षण स्क्वायड किच्छा टीम मुखबिर की सूचना पर यहां पहुंची और फिर क्या हुआ पढ़ें ये खबर

आरोप है कि 3 मार्च की रात जब उसकी पत्नी सो रही थी, तभी उसने कंबल से उसका मुंह दबाकर दम घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिवार के लोगों के साथ मिलकर बीमारी का बहाना बनाते हुए उसे अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि अस्पताल द्वारा पुलिस को सूचना दिए जाने पर पूरे मामले की परतें खुल गईं।

पुलिस ने आरोपी पति को 5 मार्च को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 80(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


ख़बर शेयर करे -