
हल्द्वानी/काठगोदाम – नैनीताल पुलिस ने युवक पर धारदार चाकू से किए गए जानलेवा हमले के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में काठगोदाम थाना पुलिस ने इस मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार, 5 मार्च 2026 को राजपुरा हल्द्वानी निवासी बच्ची देवी ने थाना काठगोदाम में तहरीर देकर बताया कि दो व्यक्तियों ने उनके पुत्र पर धारदार चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। यह घटना काठगोदाम रेलवे स्टेशन के सामने स्थित चस्का रेस्टोरेंट के पास हुई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना काठगोदाम में एफआईआर संख्या 23/26 के तहत धारा 109(1) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।
एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और सीओ हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष काठगोदाम विमल कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने स्थानीय लोगों से पूछताछ और दबिश के बाद दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान विकास सिंह बिष्ट उर्फ गैड़ा (18 वर्ष), निवासी नवाबी रोड हल्द्वानी के रूप में हुई है। इसके साथ ही एक विधि विवादित किशोर को भी संरक्षण में लिया गया है।
पूछताछ के दौरान नाबालिग आरोपी की निशानदेही पर हमले में इस्तेमाल किया गया तेज धारदार चाकू बरामद कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी विकास सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि नाबालिग को विधिक प्रक्रिया के तहत जेजे बोर्ड के समक्ष पेश किया जा रहा है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक नीतू सिंह, कांस्टेबल सूरज सिंह और कांस्टेबल योगेश कुमार की अहम भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



