
कार्यकर्ताओं को मिला सम्मान, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का लिया संकल्प
रुद्रपुर – भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर रुद्रपुर स्थित जिला कार्यालय में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जिलाध्यक्ष कमल जिंदल के नेतृत्व में ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके बाद कार्यकर्ताओं के बीच मिठाई वितरण किया गया और पूरे उत्साह के साथ स्थापना दिवस मनाया गया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “भारत माता की जय” और “भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद” के नारों से पूरे परिसर को गुंजायमान कर दिया। कार्यक्रम में आयोजित विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने जनसंघ से लेकर वर्तमान तक पार्टी के सफर और अंत्योदय की विचारधारा पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ कार्यकर्ताओं राम प्रकाश गुप्ता, उत्तम दत्ता, डॉ. रामवीर सिंह, संजीव खन्ना और शैली फुतेला को सम्मानित किया गया।
जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने अपने संबोधन में कहा कि स्थापना दिवस हर कार्यकर्ता के लिए गर्व और आत्मचिंतन का अवसर है। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल संख्या के आधार पर नहीं, बल्कि अपने सिद्धांतों और कार्यकर्ताओं के समर्पण के बल पर विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि भाजपा एक राजनीतिक दल ही नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक मिशन है। उन्होंने बताया कि पार्टी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचार को आगे बढ़ाते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है।
प्रदेश मंत्री गुंजन सुखीजा ने कहा कि दो सीटों से शुरू हुआ भाजपा का सफर आज देशव्यापी विस्तार तक पहुंच चुका है। उन्होंने संगठन की मजबूती का श्रेय कार्यकर्ताओं के संघर्ष और समर्पण को दिया।
कार्यक्रम में अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे और संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें उत्तम दत्ता, नेतृपाल मौर्य, धीरेंद्र मिश्रा, रश्मि रस्तोगी, विवेक सक्सेना, तरुण दत्ता, रोशन अरोरा, हिमांशु शुक्ला, गजेंद्र प्रजापति, प्रमोद मित्तल, विजय पाल सिंह तोमर, अक्षय गेहलोत सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम का समापन संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के संकल्प के साथ किया गया।


