
हल्द्वानी – हल्द्वानी से विधायक सुमित हृदयेश ने विधानसभा सत्र के दौरान जनहित और क्षेत्रीय विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों को सदन में उठाया। उन्होंने कहा कि सरकार का दायित्व है कि आम जनता, खिलाड़ियों, युवाओं और पत्रकारों से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से विचार करते हुए उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएं।
विधानसभा में बोलते हुए विधायक सुमित हृदयेश ने हल्द्वानी स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कम आयु में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक जीतने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन और अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने सरकार से पूछा कि ऐसे खिलाड़ियों के लिए भविष्य में रोजगार या अन्य प्रोत्साहन से जुड़ी कोई नीति बनाई जा रही है या नहीं।
उन्होंने हल्द्वानी के मिनी स्टेडियम से जुड़े मुद्दों का भी जिक्र करते हुए कहा कि वहां लगाए गए केज के कारण क्रिकेट और फुटबॉल खेलने वाले खिलाड़ियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खिलाड़ियों को आ रही विभिन्न समस्याओं के समाधान की भी मांग की, ताकि उन्हें बेहतर खेल सुविधाएं मिल सकें।
सदन में विधायक ने राशन कार्ड सत्यापन की प्रक्रिया का विषय भी उठाया। उन्होंने कहा कि सत्यापन के दौरान कुछ लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया जाना आवश्यक है, ताकि पात्र परिवारों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इसके अलावा उन्होंने प्रदेश की नंदा गौरा योजना का मुद्दा भी उठाया और सरकार से पूछा कि इस योजना के अंतर्गत लंबित भुगतानों की स्थिति क्या है तथा पात्र लाभार्थियों को उनका बकाया कब तक उपलब्ध कराया जाएगा।
विधानसभा में उन्होंने पत्रकारों से जुड़े विषय पर भी चर्चा करते हुए कहा कि पत्रकार समाज और सरकार के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम होते हैं। ऐसे में उनके लिए आवश्यक सुविधाओं और व्यवस्थाओं पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए।
सत्र के दौरान उन्होंने बिजली से जुड़े स्मार्ट मीटर के विषय पर भी सरकार से जानकारी मांगी। उन्होंने कहा कि यदि किसी उपभोक्ता का मौजूदा बिजली मीटर ठीक तरह से कार्य कर रहा है तो उसके स्थान पर नया मीटर लगाने की प्रक्रिया के बारे में स्पष्ट जानकारी जनता को दी जानी चाहिए।
इसके साथ ही विधायक सुमित हृदयेश ने हल्द्वानी में नजूल भूमि से जुड़े मुद्दे का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इस विषय पर स्थायी समाधान की दिशा में ठोस पहल की जानी चाहिए, ताकि लोगों को स्पष्टता और राहत मिल सके।
अंत में विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि वे सदन के माध्यम से लगातार जनता से जुड़े मुद्दों को उठाते रहेंगे और क्षेत्र के विकास तथा जनहित से जुड़े विषयों पर सकारात्मक पहल के लिए प्रयास करते रहेंगे।



