स्कॉलर्स होम की दो दिवसीय अंतर विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न, शतरंज में देवांश चमके

ख़बर शेयर करे -

खैरना/भुजान – स्कॉलर्स होम शिक्षा समिति के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय अंतर विद्यालयी इंडोर खेलकूद प्रतियोगिता उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हो गई। प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य हेम चन्द्र लोहनी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने खेलों को विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक बताया।

प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र-छात्राओं को पूर्व प्राथमिक, प्राथमिक एवं जूनियर वर्ग में विभाजित कर कैरम और शतरंज प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

पूर्व प्राथमिक वर्ग की बालिका कैरम प्रतियोगिता में जय श्री बिष्ट एवं भाविका हाल्सी विजेता रहीं, जबकि नैना जैड़ा और जीवा नेगी उपविजेता रहीं। बालक वर्ग में जितेंद्र बिष्ट और अभियांश ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि आदित्य और हर्ष उपविजेता रहे।

प्राथमिक वर्ग की बालिका कैरम प्रतियोगिता में चरित्रा जैड़ा और योगिता नेगी विजेता रहीं तथा तनु श्री और डोली उपविजेता रहीं। बालक वर्ग में दक्ष गौणी और रविंद्र बिष्ट विजेता बने, जबकि शिवा नेगी और खुशांश बेलवाल उपविजेता रहे।

जूनियर वर्ग की बालिका कैरम प्रतियोगिता में गौरांसी लोहनी और मानवी नेगी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। लक्षिता खत्री और गरिमा बिष्ट उपविजेता रहीं। वहीं बालक वर्ग में भूपेंद्र नाथ गोस्वामी और मयंक करायत की जोड़ी विजेता रही, जबकि देवांश लोहनी और रवि कुमार उपविजेता रहे।

शतरंज प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में देवांश लोहनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि कृष विश्वास उपविजेता रहे।

कार्यक्रम को सफल बनाने में आनन्द खाती, कुबेर अमेरा, हेमलता लोहनी, सिमरन, हेमा, दीक्षा, लता, तनुजा, तबस्सुम, कविता एवं शालिनी सहित विद्यालय परिवार का विशेष सहयोग रहा। अंत में प्रधानाचार्य हेम चन्द्र लोहनी ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।

See also  यहाँ विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम का किया गया आयोजन.......

ख़बर शेयर करे -