
बिंदुखत्ता के भास्कर जोशी का एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया में चयन
IIT रुड़की से कर रहे एमटेक, बिना कोचिंग सेल्फ स्टडी से हासिल की बड़ी सफलता
लालकुआं – बिंदुखत्ता क्षेत्र के होनहार युवा भास्कर जोशी ने अपनी मेहनत, प्रतिभा और लगन के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया) में एग्जीक्यूटिव (इंजीनियरिंग इलेक्ट्रिकल) पद पर चयन प्राप्त किया है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा जारी नियुक्ति पत्र के बाद क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
इंद्रानगर-2 बिंदुखत्ता निवासी स्वर्गीय पूरन चंद्र जोशी के पुत्र भास्कर जोशी वर्तमान में आईआईटी रुड़की से एमटेक कर रहे हैं। इससे पूर्व उन्होंने गेट परीक्षा में 98.33 प्रतिशताइल हासिल कर ऑल इंडिया स्तर पर 1132वीं रैंक प्राप्त की थी, जिसके आधार पर उनका चयन आईआईटी रुड़की में एमटेक के लिए हुआ। उन्होंने सेमीकंडक्टर टेक्नोलॉजी इन इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभाग में प्रवेश प्राप्त किया।
भास्कर जोशी ने वर्ष 2021 में गोविंद बल्लभ पंत इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, पौड़ी गढ़वाल से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री हासिल की थी। परिजनों के अनुसार बीटेक के बाद उन्होंने नौकरी करने के बजाय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को प्राथमिकता दी और नोएडा में अपने बड़े भाई रोहित जोशी के साथ रहकर बिना किसी कोचिंग के सेल्फ स्टडी के माध्यम से यह सफलता अर्जित की।
भास्कर के बड़े भाई रोहित जोशी नोएडा में टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप में कार्यरत हैं। उनके चाचा मोहन चंद जोशी एक निजी कंपनी से हेड इलेक्ट्रिकल पद से सेवानिवृत्त हैं। भास्कर वरिष्ठ पत्रकार दीप चंद्र जोशी के छोटे भाई हैं।
भास्कर जोशी की इस उपलब्धि पर सांसद अजय भट्ट, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह बिष्ट, सेंचुरी पेपर मिल के सीईओ अजय गुप्ता, उपाध्यक्ष नरेश चंद्र, पूर्व विधायक नवीन दुम्का, सुरेंद्र लोटनी, हेमवतीनंदन दुर्गापाल, लक्ष्मण खाती सहित अनेक गणमान्य लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।

