
काशीपुर पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, विधायक चीमा के आवास पर जताया शोक
जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश, अधिकारियों को सरकार की प्राथमिकता बताई
खटीमा/काशीपुर – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को काशीपुर भ्रमण के दौरान जैतपुर घोसी स्थित विधायक त्रिलोक सिंह चीमा के आवास पहुंचकर विगत 15 मई को स्वर्गीय सरदार अमरजीत सिंह चीमा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री धामी ने शोक संतप्त परिवारजनों को ढांढस बंधाते हुए दिवंगत आत्मा की शांति एवं उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान देने की ईश्वर से प्रार्थना की।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री धामी ने काशीपुर आईजीएल स्थित अस्थाई हेलीपैड पर जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से आमजन से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने को कहा।
इस अवसर पर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर दीपक बाली, दर्जा मंत्री मंजीत सिंह, सीमा चौहान, ब्लॉक प्रमुख चंद्र प्रभा, राम मेहरोत्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल, पूर्व दर्जा राज्यमंत्री मुकेश कुमार, राजेश कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक स्वपन किशोर सिंह समेत कई प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।

