हल्द्वानी_डायल 112 पर झूठी चाकूबाजी की सूचना देना पड़ा महंगा, युवक पर ₹5000 का चालान

ख़बर शेयर करे -

हल्द्वानी – नैनीताल जिले में आपातकालीन सेवाओं के दुरुपयोग पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। डायल 112 पर झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने वाले एक युवक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ₹5000 का चालान किया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा आपातकालीन सेवाओं के दुरुपयोग करने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने एक फर्जी कॉल के मामले में सख्त कदम उठाया है।

पुलिस के अनुसार, 29 मार्च 2026 को दोपहर लगभग 3:11 बजे डायल 112 पर सूचना प्राप्त हुई कि भोटियापड़ाव क्षेत्र के वैलेजली लॉज में एक व्यक्ति पर चाकू से हमला किया गया है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।

मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस ने पाया कि सूचनाकर्ता राहुल चौहान, निवासी वैलेजली लॉज, भोटियापड़ाव, हल्द्वानी, नशे की हालत में था। जांच में स्पष्ट हुआ कि उसके साथ किसी प्रकार की चाकूबाजी की घटना नहीं हुई थी। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने नशे में झूठी सूचना दी थी।

पुलिस ने इसे सरकारी कार्य में बाधा और आपातकालीन सेवा के दुरुपयोग का मामला मानते हुए तत्काल कार्रवाई की। आरोपी के खिलाफ पुलिस अधिनियम की धारा 83 के तहत ₹5000 का चालान किया गया।

नैनीताल पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि डायल 112 एक महत्वपूर्ण आपातकालीन सेवा है, जिसका उपयोग केवल वास्तविक संकट की स्थिति में ही किया जाना चाहिए। झूठी सूचना देने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

See also  BIG NEWS_ उत्तराखंड में बर्फबारी के बीच देवदूत साबित हो रही एसडीआरएफ

नैनीताल पुलिस की इस कार्रवाई को आपातकालीन सेवाओं के सही उपयोग के प्रति जागरूकता और अनुशासन बनाए रखने की दिशा में एक सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।


ख़बर शेयर करे -