
रूद्रपुर – ग्राम खटोला में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के समापन अवसर पर पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता राजकुमार ठुकराल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ कथा श्रवण किया तथा व्यास गद्दी पर विराजमान प्रख्यात कथा व्यास पंडित नवीन चन्द्र उपाध्याय शास्त्री से आशीर्वाद प्राप्त कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम के आयोजकों ने राजकुमार ठुकराल का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए ठुकराल ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाता है।
उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक और आध्यात्मिक आयोजन समाज में संस्कारों को मजबूत करते हैं और आपसी सद्भाव व भाईचारे को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आज की व्यस्त जीवनशैली में सनातन संस्कृति के पावन ग्रंथ हमें मानसिक शांति और धैर्य का मार्ग दिखाते हैं।
राजकुमार ठुकराल ने कथा के सफल आयोजन के लिए आयोजकों और ग्रामवासियों की सराहना की। समापन कार्यक्रम में भक्ति का माहौल चरम पर रहा और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस दौरान राम सिंह मेहरा, त्रिलोक सिंह मेहरा, गोविंद सिंह, चंदन सिंह गडिया, नारायण सिंह कार्की, विशन सिंह कार्की, दिनेश जोशी, पप्पू मेहरा, रामदत्त जोशी, धर्मानंद जोशी,
उमेद सिंह कार्की, नंदन सिंह कार्की, दिवस सिंह, राम सिंह, जीवन सिंह, नंदाबल्लभ, खुशाल सिंह, किशन दत्त जोशी, त्रिलोक सिंह, विजय सिंह, डिगर सिंह और पूरन सिंह सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं ने व्यास गद्दी से विदाई ले रहे कथा वाचक का अभिनंदन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
