
हल्द्वानी – जनगणना 2027 के अंतर्गत 10 अप्रैल से 24 अप्रैल तक भवन स्व-गणना (Self Enumeration) का अभियान शुरू कर दिया गया है। इस अभियान के तहत नागरिक स्वयं अपने भवन और परिवार से जुड़ी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं।
इसी क्रम में आज शहर के प्रथम नागरिक माननीय महापौर महोदय द्वारा अपने आवास की स्व-गणना कर अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई। उन्होंने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और समय रहते अपनी स्व-गणना पूर्ण करें।
महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने बताया कि यह पहल जनगणना प्रक्रिया को आसान, पारदर्शी और डिजिटल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि डेटा की सटीकता भी सुनिश्चित होगी।
प्रशासन ने भी नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वे निर्धारित तिथि के भीतर अपनी जानकारी सही और पूर्ण रूप से दर्ज करें, ताकि जनगणना का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।


