
हल्द्वानी – राजपुरा क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारोबार और जनप्रतिनिधियों के साथ कथित अभद्र व्यवहार को लेकर हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने नाराजगी जताई है। मंगलवार को राजपुरा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने विधायक के आवास पर मुलाकात कर नशे की समस्या समेत विभिन्न जनहित के मुद्दों पर चर्चा की।
क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि पुलिस कप्तान द्वारा पार्षद प्रतिनिधि हेमंत साहू और पार्षद अधिवक्ता धर्मवीर के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया गया। उन्होंने इसे जनप्रतिनिधियों के सम्मान से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए नाराजगी व्यक्त की।
विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि जनप्रतिनिधि जनता की समस्याओं को अधिकारियों तक पहुंचाने का काम करते हैं। उनके साथ सम्मानजनक और मर्यादित व्यवहार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी अधिकारी द्वारा जनप्रतिनिधियों के साथ अनुचित व्यवहार किया गया है तो यह गंभीर विषय है और इसे आवश्यक स्तर पर मजबूती से उठाया जाएगा।
विधायक ने कहा कि राजपुरा समेत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नशे का बढ़ता प्रभाव चिंता का विषय है। नशे के कारण युवा पीढ़ी के साथ परिवारों पर भी सामाजिक और आर्थिक प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने पुलिस-प्रशासन से नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
सुमित हृदयेश ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए केवल कार्रवाई ही नहीं, बल्कि शिक्षा, रोजगार, खेल और सकारात्मक गतिविधियों को भी बढ़ावा देना जरूरी है। उन्होंने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि नशे के खिलाफ अभियान और युवाओं से जुड़े मुद्दों को आगामी विधानसभा सत्र में प्रमुखता से उठाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हल्द्वानी की युवा पीढ़ी को नशे के अंधकार से निकालकर बेहतर भविष्य की ओर ले जाना उनकी प्राथमिकता है। जनता की समस्याओं और जनप्रतिनिधियों के सम्मान से जुड़े मुद्दों को सदन से लेकर सड़क तक उठाया जाएगा।
इस दौरान हेमंत साहू ने आरोप लगाया कि नशे के खिलाफ आवाज उठाने के कारण उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाने और नुकसान पहुंचाने की आशंका है। उन्होंने कहा कि उनके साथ किसी प्रकार की अप्रिय घटना होने पर उन्होंने पुलिस अधिकारियों को जिम्मेदार बताया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
बैठक में कांग्रेस जिला महामंत्री मलय बिष्ट, पार्षद धर्मवीर, पार्षद प्रीति आर्या, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुमित कुमार, पूर्व सहायक नगर आयुक्त विजेंद्र चौहान, पूर्व पार्षद दिनेश चौहान, व्यापार मंडल उपाध्यक्ष सचिन गुप्ता, नवीन चौहान, गंगा राम आर्या, पार्वती जाटव, ज्योति आर्या, रेनू आर्या समेत कई क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

