नैनीताल_पर्यटन सीजन को लेकर नैनीताल पुलिस हाई अलर्ट, सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर फोकस

ख़बर शेयर करे -

नैनीताल – आगामी पर्यटन सीजन को सकुशल संपन्न कराने और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए नैनीताल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।

इसी क्रम में गुरुवार को एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र ने ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF), अभिसूचना इकाई, थाना प्रभारियों और पुलिस बल की विस्तृत ब्रीफिंग ली।

ब्रीफिंग के दौरान कैंची धाम, मां नैना देवी मंदिर सहित जनपद के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों से कहा गया कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा भीड़ प्रबंधन पूरी संवेदनशीलता और धैर्य के साथ किया जाए।

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए बम निरोधक दस्ते (BDS) और लोकल इंटेलिजेंस यूनिट (LIU) को लगातार सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं। संदिग्ध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया है।

CAPF अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में रणनीतिक तैनाती सुनिश्चित करने और स्थानीय पुलिस के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए गए।

पर्यटन सीजन के दौरान शहर को जाममुक्त रखने के लिए डाइवर्जन प्लान को सख्ती से लागू करने, नो-पार्किंग क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

एसपी नैनीताल ने कहा कि “अतिथि देवो भवः” और मित्र पुलिस की भावना के अनुरूप पर्यटकों के साथ शालीन व्यवहार किया जाए तथा उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।

See also  हल्द्वानी_नगर निगम चुनावों में भाजपा के स्टार प्रचारकों ने बढ़त हासिल करने के संभाली कमान

साथ ही सभी पुलिसकर्मियों को समय से पूर्व ड्यूटी प्वाइंट पर पहुंचने और ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए।

ब्रीफिंग के दौरान सीओ भवाली रविकांत सेमवाल, सीओ नैनीताल अंजना नेगी, सहायक कमांडेंट सशस्त्र सीमा बल, निरीक्षक यातायात भवाली महेश चंद्रा, प्रभारी निरीक्षक भवाली प्रकाश सिंह मेहरा, प्रभारी निरीक्षक भीमताल राजेश यादव, थानाध्यक्ष तल्लीताल मनोज नयाल, प्रभारी कोतवाली मल्लीताल दिनेश जोशी, चंद्रशेखर कन्याल सहित अन्य अधिकारी और पुलिस बल मौजूद रहे।


ख़बर शेयर करे -