वीकेंड पर कैंची धाम जाने वालों के लिए ट्रैफिक अलर्ट, नया डायवर्जन प्लान लागू

ख़बर शेयर करे -

नैनीताल – वीकेंड के दौरान कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में बढ़ने वाले यातायात दबाव को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने विशेष ट्रैफिक और डायवर्जन प्लान लागू किया है। यातायात शाखा भवाली एवं भीमताल द्वारा जारी व्यवस्था के तहत शनिवार और रविवार को भारी वाहनों तथा पर्यटक वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया जाएगा, ताकि क्षेत्र में जाम की स्थिति न बने और श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को राहत मिल सके।

जारी योजना के अनुसार अल्मोड़ा और रानीखेत की ओर से हल्द्वानी आने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना से डायवर्ट कर रामगढ़-मुक्तेश्वर मार्ग से भेजा जाएगा। वहीं हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले आवश्यक सेवाओं से जुड़े भारी वाहन अपने निर्धारित मार्ग से जा सकेंगे, जबकि अन्य भारी वाहनों को यातायात दबाव के अनुसार भवाली मस्जिद तिराहा से रोका जाएगा या वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।

पुलिस के अनुसार बाहरी राज्यों और जनपदों से आने वाले पर्यटक यदि भीमताल मार्ग से कैंची धाम जाना चाहते हैं, तो उनके निजी वाहनों को भीमताल विकास भवन पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। यहां से श्रद्धालुओं को शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम भेजा जाएगा।

इसी प्रकार गेठिया और नैनीताल मार्ग से आने वाले पर्यटकों के वाहनों को भवाली सैनिटोरियम पार्किंग में रोका जाएगा और वहां से शटल सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वीकेंड के दौरान टैक्सी दोपहिया वाहनों की कैंची धाम क्षेत्र में एंट्री पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगी। ऐसे वाहनों को सैनिटोरियम पार्किंग में पार्क कर आगे शटल सेवा से भेजा जाएगा।

See also  उत्तराखंड में यहाँ सुबह-सुबह दो बार महसूस किए गए भूकंप के झटके,घरों से बाहर निकले लोग

नैनीताल पुलिस ने सभी पर्यटकों, वाहन चालकों और आमजन से अपील की है कि यात्रा के दौरान जारी ट्रैफिक और डायवर्जन प्लान का पालन करें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।


ख़बर शेयर करे -