साइबर अपराध से लोगों को जागरूक करने वाला पुलिसकर्मी ही ठगी का शिकार, खाते से उड़ाए 1.71 लाख रुपये

ख़बर शेयर करे -

बेड़ीनाग – साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने वाली पुलिस अब स्वयं साइबर ठगों के निशाने पर आ गई है। पिथौरागढ़ जिले के बेड़ीनाग में तैनात एक पुलिसकर्मी के बैंक खाते से साइबर ठगों ने 1.71 लाख रुपये उड़ा लिए। मामले की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बेड़ीनाग कोतवाली में तैनात पुलिसकर्मी संजीव यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 30 मई को उन्होंने गूगल पे के माध्यम से अपने बैंक खाते की जांच की तो खाते से बड़ी धनराशि निकाले जाने का पता चला। जांच करने पर मालूम हुआ कि एक दिन पूर्व उनके बैंक खाते से 1 लाख 71 हजार रुपये की रकम नोवाकाम सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर ट्रांसफर की गई है।

पुलिसकर्मी ने बताया कि उन्होंने स्वयं ऐसा कोई ट्रांजेक्शन नहीं किया और न ही किसी व्यक्ति को अपने बैंक खाते की जानकारी, ओटीपी या अन्य गोपनीय विवरण साझा किए। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं किया, इसके बावजूद उनके खाते से धनराशि निकल गई। ऐसे में उन्हें समझ नहीं आ रहा कि साइबर ठगों ने उनके खाते तक कैसे पहुंच बनाई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब बैंकिंग रिकॉर्ड, ट्रांजेक्शन डिटेल और साइबर ट्रेल की जांच कर रही है, ताकि ठगी की पूरी साजिश का खुलासा किया जा सके।

पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रह्लाद कोंडे ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही ठगी की वास्तविक वजह और आरोपियों के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।

See also  हल्द्वानी_गोलापार बाईपास पर बेतरकीब 'मौत का मोड़' बना हादसे की वजह, पांच लोग घायल

यह घटना एक बार फिर दर्शाती है कि साइबर अपराधी लगातार नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। ऐसे में बैंकिंग लेनदेन करते समय सतर्कता बरतना और खाते की नियमित निगरानी करना बेहद जरूरी है।


ख़बर शेयर करे -