महिला स्वयं सहायता समूहों की प्रदर्शनी में पहुंचे राज्यपाल, ‘लखपति दीदी’ महिलाओं को किया सम्मानित

ख़बर शेयर करे -

नैनीताल – राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने बुधवार को लोक भवन नैनीताल में आयोजित महिला स्वयं सहायता समूहों की उत्पाद प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकासखंडों से आई महिला समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की सराहना करते हुए उन्हें आत्मनिर्भरता और नवाचार का प्रेरक उदाहरण बताया।

प्रदर्शनी में जनपद नैनीताल के भीमताल, कोटाबाग, धारी, रामगढ़, हल्द्वानी और रामनगर विकासखंडों की महिला स्वयं सहायता समूहों ने अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया। राज्यपाल ने वुडन कलाकृतियों, पारंपरिक ऐपण कला, बेकरी उत्पादों, अचार, जैम, मसालों तथा विभिन्न हस्तशिल्प उत्पादों का अवलोकन किया और महिलाओं की रचनात्मकता, गुणवत्ता एवं उद्यमशीलता की प्रशंसा की।

राज्यपाल ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर महिला उद्यमियों से संवाद किया तथा उनके उत्पाद निर्माण, विपणन और व्यवसाय विस्तार से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी ‘लखपति दीदी’ महिलाओं को सम्मानित भी किया।

अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर आत्मनिर्भरता की नई इबारत लिख रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं में रचनात्मकता, नवाचार और उत्पादकता की अद्भुत क्षमता है, जो राज्य के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की गुणवत्ता, प्रस्तुतीकरण और विविधता में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है। यह महिलाओं के आत्मविश्वास और निरंतर उत्कृष्टता की दिशा में बढ़ते प्रयासों का परिणाम है।

राज्यपाल ने कहा कि महिलाएं अब केवल उत्पाद निर्माण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि डिजिटलीकरण, गुणवत्ता सुधार, विपणन और उपभोक्ताओं की जरूरतों को समझते हुए अपने व्यवसाय का विस्तार भी कर रही हैं। यह बदलाव महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में सकारात्मक संकेत है।

See also  हल्द्वानी_आज फैसला,किसके सिर पर होगी ताजपोशी,MBPG मे शुरु हुई मतगणना

उन्होंने महिला उद्यमियों से अपने उत्पादों की पैकेजिंग, ब्रांडिंग और डिजिटल मार्केटिंग पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। राज्यपाल ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में उत्पाद की गुणवत्ता के साथ-साथ उसकी आकर्षक प्रस्तुति और प्रभावी विपणन भी सफलता की कुंजी है। उन्होंने महिलाओं को अपने उत्पादों में अधिक से अधिक मूल्य संवर्धन और नवाचार अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में प्रथम महिला  गुरमीत कौर, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद पांडे, सहायक परियोजना निदेशक चंद्रा फर्त्याल, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी सहित स्वयं सहायता समूहों की सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


ख़बर शेयर करे -