
लालकुआं – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से क्षेत्रीय विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट के प्रयासों के तहत मंगलवार को लालकुआं तहसील में आर्थिक सहायता के 42 चेक प्राप्त हुए। इनमें से 22 पात्र लाभार्थियों को कार्यक्रम के दौरान सहायता राशि के चेक वितरित किए गए।
तहसील परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने पात्र व्यक्तियों को आर्थिक सहायता के चेक सौंपे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए लगातार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को राहत पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे उन्हें कठिन परिस्थितियों में सहारा मिल सके।
विधायक ने बताया कि कुल 42 लाभार्थियों के लिए चेक प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 22 लाभार्थियों को मंगलवार को चेक वितरित कर दिए गए। शेष पात्र व्यक्तियों को भी शीघ्र ही तहसील कार्यालय से उनकी आर्थिक सहायता राशि उपलब्ध करा दी जाएगी।
आर्थिक सहायता प्राप्त करने वाले लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान तहसील प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष लालकुआं अरुण जोशी, महामंत्री राजकुमार सेतिया, महामंत्री बॉबी संभल, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष लालचंद, वरिष्ठ भाजपा नेता विनोद श्रीवास्तव, हरीश नैनवाल, धन सिंह बिष्ट, ओमपाल कश्यप सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

