
अल्मोड़ा – सामाजिक कार्यकर्ता एवं आरटीआई एक्टिविस्ट संजय पाण्डे ने मंगलवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज, अल्मोड़ा के प्राचार्य प्रो. गोविंद सिंह तितियाल से मुलाकात कर मरीजों और उनके तीमारदारों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता आशीष जोशी भी मौजूद रहे।
मुलाकात के दौरान संजय पाण्डे ने मेडिकल कॉलेज एवं संबद्ध चिकित्सालय में मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने, विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता तथा रेफरल व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने सहित कई जनहित के मुद्दे प्राचार्य के समक्ष रखे।
उन्होंने कहा कि पहाड़ के लोगों को गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए अनावश्यक रूप से बड़े शहरों की ओर न जाना पड़े, इसके लिए मेडिकल कॉलेज की स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत किया जाना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि किसी मरीज को रेफर करने का निर्णय उचित चिकित्सकीय कारणों और संबंधित वरिष्ठ अथवा विशेषज्ञ चिकित्सक की सलाह के आधार पर ही लिया जाना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि किसी कर्मचारी द्वारा वरिष्ठ चिकित्सक की सलाह के बिना मरीज के परिजनों को अन्यत्र उपचार कराने अथवा रेफर कराने की सलाह नहीं दी जानी चाहिए।
संजय पाण्डे ने दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाले मरीजों के परिजनों की सुविधा के लिए प्रत्येक ओपीडी एवं संबंधित विभाग में अधिकृत टेलीफोन नंबर उपलब्ध कराने का सुझाव भी दिया। उन्होंने कहा कि कई बार मरीज के परिजन अस्पताल में हर समय मौजूद नहीं रह पाते। ऐसे में निर्धारित समय पर फोन के माध्यम से मरीज की स्थिति, उपचार की प्रगति और आवश्यक जानकारी प्राप्त करने की सुविधा मिलने से उन्हें काफी राहत मिलेगी।
प्राचार्य प्रो. गोविंद सिंह तितियाल ने संजय पाण्डे द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि वे पहाड़वासियों की समस्याओं से भली-भांति परिचित हैं और उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि अल्मोड़ा की पूरी जनता का है। मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक स्तर पर कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता आशीष जोशी ने कहा कि मेडिकल कॉलेज पहाड़ के लोगों के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संस्थान है। यहां की व्यवस्थाएं बेहतर होने से अल्मोड़ा समेत आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों के मरीजों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि मरीजों की छोटी-छोटी समस्याओं का समय पर समाधान होना भी बेहद जरूरी है और इसके लिए प्रशासन व समाज के लोगों को सकारात्मक सहयोग के साथ आगे आना चाहिए।
संजय पाण्डे ने कहा कि वह पूर्व में भी जनहित के मुद्दों पर मेडिकल कॉलेज प्रशासन का सहयोग करते रहे हैं और भविष्य में भी आवश्यकता पड़ने पर अपनी क्षमता के अनुसार सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति या संस्था पर आरोप लगाना नहीं, बल्कि मरीजों,
तीमारदारों और आम जनता की समस्याओं को सामने रखकर उनका सकारात्मक समाधान कराना है। उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज पहाड़ के लाखों लोगों की उम्मीद है और यहां उपलब्ध संसाधनों व चिकित्सा सुविधाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचना सबसे महत्वपूर्ण है।

