हल्द्वानी/लालकुआँ_बिना पंजीकरण वाहन से अवैध खनन का खेल उजागर, वन विभाग ने की बड़ी कार्रवाई

ख़बर शेयर करे -

हल्द्वानी/लालकुआँ – तराई पूर्वी वन प्रभाग के अंतर्गत वन विभाग ने मुखबिर की सूचना पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ऐसे वाहन को कब्जे में लिया है, जो बिना पंजीकरण के होने के बावजूद किसी अन्य पंजीकृत वाहन की नंबर प्लेट और चिप का उपयोग कर नदी क्षेत्र में उपखनिज लेने पहुंचा था। विभाग ने मामले को गंभीर मानते हुए वाहन को अपनी अभिरक्षा में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार वन विभाग के उपनिरीक्षक संदीप सूंठा को मुखबिर खास के माध्यम से सूचना मिली थी कि एक बिना पंजीकरण वाला वाहन किसी अन्य पंजीकृत वाहन की नंबर प्लेट और चिप लगाकर नदी क्षेत्र में प्रवेश कर अवैध रूप से उपखनिज लेने का प्रयास कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर वाहन की जांच की।

जांच में पाया गया कि बिना पंजीकरण वाले वाहन पर पंजीकृत वाहन संख्या UK06 0810 की नंबर प्लेट लगाई गई थी। इतना ही नहीं, नदी क्षेत्र में प्रवेश के लिए उसी वाहन की चिप का भी उपयोग किया गया था। प्रथम दृष्टया मामला नियमों के उल्लंघन और धोखाधड़ी से जुड़ा पाए जाने पर वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन को कब्जे में ले लिया।

उपनिरीक्षक संदीप सूंठा ने बताया कि विभागीय संसाधनों की सहायता से वाहन को डोली रेंज परिसर में खड़ा करा दिया गया है। साथ ही मामले की गहन जांच की जा रही है कि बिना पंजीकरण वाहन किसके स्वामित्व में है तथा पंजीकृत वाहन की नंबर प्लेट और चिप का उपयोग किस प्रकार किया गया।

See also  कांटेक्ट कराटे बेल्ट प्रमोशन टेस्ट का आयोजन,150 कराटे खिलाड़ियों ने किया प्रतिभा

उन्होंने बताया कि कार्रवाई वन क्षेत्राधिकारी गोला चन्दन सिंह अधिकारी, उप प्रभागीय वनाधिकारी अनिल जोशी तथा प्रभागीय वनाधिकारी तराई पूर्वी वन प्रभाग हल्द्वानी हिमांशु बागड़ी के निर्देशन में की जा रही है।

वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि नदी क्षेत्रों में अवैध उपखनिज निकासी, फर्जी दस्तावेजों और नियमों के उल्लंघन के मामलों में सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। विभाग का कहना है कि प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गंभीरता से जांच की जा रही है।


ख़बर शेयर करे -