विश्व पर्यावरण दिवस पर हल्द्वानी में हुआ वृक्षारोपण, सांसद अजय भट्ट ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

ख़बर शेयर करे -

हल्द्वानी – विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रामपुर रोड स्थित सिटी पार्क, हल्द्वानी में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री तथा नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर वन संरक्षक पश्चिमी वृत्त नीतीश मणि त्रिपाठी, प्रभागीय वनाधिकारी हल्द्वानी कुंदन कुमार, प्रभागीय वनाधिकारी तराई केंद्रीय यू.सी. तिवारी सहित अनेक गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद अजय भट्ट ने देश और प्रदेशवासियों को विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का विषय नहीं, बल्कि यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वृक्ष धरती के जीवनदायी आधार हैं और स्वच्छ पर्यावरण, शुद्ध वायु तथा आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए वृक्षारोपण बेहद आवश्यक है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान का अद्भुत संदेश देता है।

उन्होंने कहा कि यह अभियान अब जनभागीदारी के साथ एक जनआंदोलन का रूप ले चुका है। श्री भट्ट ने नागरिकों से अपनी माताओं के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का संकल्प लेने की अपील की।

उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें संरक्षित कर वृक्ष बनने तक उनकी देखभाल करना भी उतना ही जरूरी है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कुछ वृक्ष लगाकर उनकी रक्षा का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ भारत दिया जा सकता है।

See also  जनपद को पर्यटन मंत्रालय व पेयजल एवं स्वच्छता जलापूर्ति मंत्रालय भारत सरकार के गाइड लाइन के अनुसार स्वच्छ और सुन्दर बनाया जाएगा - डीएम नितिन सिंह भदौरिया

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षों के संवर्धन का सामूहिक संकल्प लिया।


ख़बर शेयर करे -