दो दिन की बारिश से नैनीताल जिला बेहाल, आठ सड़कें बंद, एनएच-109 पर भारी वाहनों की आवाजाही रोकी गई

ख़बर शेयर करे -

हल्द्वानी/नैनीताल – नैनीताल जिले में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। रविवार सुबह तक जारी मूसलाधार बारिश के चलते लोग घरों में रहने को मजबूर रहे। बारिश थमने के बाद जब लोग आवश्यक कार्यों के लिए बाहर निकले तो उन्हें जगह-जगह जलभराव, टूटी सड़कों और गहरे गड्ढों से जूझना पड़ा।

हल्द्वानी की रामपुर रोड पर पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क की मरम्मत नहीं होने से जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं। बारिश का पानी भर जाने से ये गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है। शहर के कई आंतरिक मार्गों की स्थिति भी खराब होने से लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, नैनीताल के अनुसार 20 जुलाई की सुबह 9:30 बजे तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय वर्षा दर्ज की गई। खनस्यू (ओखलकांडा) में सर्वाधिक 72 मिमी, नैनीताल (स्नो व्यू) में 63 मिमी, कैंची धाम में 35.8 मिमी, मुक्तेश्वर में 28.8 मिमी, हल्द्वानी (काठगोदाम) में 24 मिमी, जबकि रामनगर और कालाढूंगी में 20-20 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं बेतालघाट में 14.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

लगातार बारिश के कारण जिले में दो राज्य मार्ग, एक मुख्य जिला मार्ग और पांच ग्रामीण मोटर मार्ग सहित कुल आठ सड़कें बाधित हो गई हैं। प्रभावित मार्गों में गर्जिया-बेतालघाट-खैरना-ओडाखान-भटेलिया, रामनगर-भंडारपानी-अमगढ़ी-बोहराकोट-ओखलढुंगा सहित कई ग्रामीण संपर्क मार्ग शामिल हैं।

वहीं हल्द्वानी-भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर रामगढ़ पुल के समीप सड़क धंसने के कारण एहतियातन भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और मार्गों को सुचारु करने का कार्य जारी है।

See also  कैंची धाम स्थापना दिवस पर पत्रकारों की सराहनीय पहल, पौधों का वितरण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

बारिश का असर बिजली व्यवस्था पर भी पड़ा है। मुक्तेश्वर (रामगढ़), ओखलकांडा (तुषराड़) तथा टी गार्डन (श्यागखेत) क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति आंशिक रूप से बाधित हुई है। संबंधित विभाग सड़कें खोलने और बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर कार्य कर रहे हैं।

प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने तथा भूस्खलन एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।


ख़बर शेयर करे -