
लालकुआँ – आगामी 14 अप्रैल को मनाई जाने वाली डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में आज मैन बाजार स्थित एक निजी कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा, उद्देश्य और आयोजन को भव्य बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता पूर्व चेयरमैन लालचन्द्र सिंह ने की, जबकि संचालन समाजसेवी मुकेश कुमार द्वारा किया गया। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने अपना परिचय देते हुए कार्यक्रम के मुख्य उद्देश्य—डॉ. अंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने—पर जोर दिया। इस दौरान सर्वसम्मति से अंबेडकर जयंती के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकालने का निर्णय लिया गया।
बैठक में युवाओं ने विशेष रूप से इस बात पर बल दिया कि सबसे पहले हमें स्वयं अंबेडकर के विचारों को अपने जीवन में अपनाना होगा। उन्होंने सुझाव दिया कि मंच से पारंपरिक भाषणों के बजाय ऐसे वास्तविक अनुभव साझा किए जाएं, जिनमें जाति, धर्म या लिंग के आधार पर भेदभाव महसूस हुआ हो। इससे कार्यक्रम अधिक प्रभावशाली और समाज को जागरूक करने वाला बनेगा।
सामाजिक कार्यकर्ताओं ने यह भी प्रस्ताव रखा कि विभिन्न गांवों और मोहल्लों में अलग-अलग जाति एवं समुदाय के लोग मिलकर निमंत्रण देने जाएं, जिससे समाज में फैले भेदभाव को खत्म करने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
इसके साथ ही आयोजन समिति के पुनर्गठन और रैली को सफल बनाने के लिए ठोस रणनीति तैयार करने पर भी सहमति बनी। जल्द ही कार्यक्रम की अंतिम रूपरेखा तय की जाएगी।
बैठक में उदयवीर सिंह, प्रदीप कुमार, पातीराम, प्रमोद कुमार, गुरूदेव मोर्या, अशोक कुमार, धर्मवीर सिंह, अरविंद कुमार, अनुप कुमार, छात्र नेता योगेश कुमार, रोहित कुमार, भाजपा नेता अरुण बाल्मिकी, नितिन कुमार, जितिन कुमार सहित कई गणमान्य लोगों ने अपने विचार रखे और कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया।


