हल्द्वानी_गोला पुल से युवती ने लगाई छलांग, स्थानीय लोगों की सूझबूझ से बची जान

ख़बर शेयर करे -

हल्द्वानी – शहर के गोला पुल पर आत्महत्या के प्रयास की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। बुधवार शाम एक 20 वर्षीय युवती ने पुल से गोला नदी में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए नदी में उतरकर युवती को सुरक्षित बाहर निकाला और उसकी जान बचा ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।

पुलिस के अनुसार युवती की पहचान मुस्कान (20 वर्ष), पुत्री वसीम, निवासी काबुल गेट, इंदिरा नगर, बनभूलपुरा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घर में अपने भाई से विवाद होने के बाद वह नाराज होकर घर से निकल गई थी और कुछ देर बाद गोला पुल से नदी में छलांग लगा दी।

क्षेत्राधिकारी (सीओ) अमित सैनी ने बताया कि सूचना मिलते ही बनभूलपुरा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दिनेश फर्त्याल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से युवती को सुरक्षित बाहर निकालकर तत्काल परिजनों के साथ निजी वाहन से अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार युवती की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

उल्लेखनीय है कि गोला पुल पर आत्महत्या और आत्महत्या के प्रयास की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। हाल ही में एक युवक द्वारा पुल से छलांग लगाने की घटना में उसकी मृत्यु हो गई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बाद गोला पुल पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने, निगरानी बढ़ाने और आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग तेज हो गई है।

See also  नौनीताल-यहाँ दो पक्षो मे हुई मारपीट के बाद 6 लोगो पर हुए नामज़द मुक़दमे.......

> यदि आप या आपका कोई परिचित भावनात्मक संकट से जूझ रहा है या आत्महत्या के विचार आ रहे हैं, तो किसी भरोसेमंद व्यक्ति से तुरंत बात करें और मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ या स्थानीय आपातकालीन सहायता सेवाओं से संपर्क करें। समय पर सहायता मिलना बहुत महत्वपूर्ण हो सकता है।


ख़बर शेयर करे -