नाबार्ड की पहल रंग लाई, ज्योली ग्राम पंचायत ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में हासिल की 100% संतृप्ति

ख़बर शेयर करे -

नैनीताल – राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) के मार्गदर्शन और सहयोग से विकासखंड भीमताल की ग्राम पंचायत ज्योली ने भारत सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के शत-प्रतिशत क्रियान्वयन का लक्ष्य हासिल कर जिले के लिए मिसाल पेश की है। ग्राम पंचायत ने सभी पात्र ग्रामीणों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़कर 100 प्रतिशत संतृप्ति का लक्ष्य प्राप्त किया है, जिसकी आधिकारिक पुष्टि ग्राम पंचायत द्वारा जारी प्रमाण-पत्र के माध्यम से की गई है।

अभियान के तहत ग्राम पंचायत के सभी पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जन धन योजना सहित अन्य पात्रता आधारित सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ दिलाया गया। इस विशेष अभियान से करीब 500 ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं का लाभ सुनिश्चित हुआ, जिससे ग्रामीणों की आर्थिक सुरक्षा मजबूत होने के साथ वित्तीय समावेशन को भी नई गति मिली है।

यह उपलब्धि नाबार्ड के मार्गदर्शन में देवभूमि जैविक उत्पादक संघ तथा महिला एवं निर्बल वर्ग उत्थान समिति, ज्योलीकोट के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है। अभियान के दौरान ग्राम स्तर पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। साथ ही विशेष शिविर आयोजित कर दस्तावेजों की व्यवस्था, बैंकिंग संस्थाओं के साथ समन्वय तथा पात्र परिवारों का योजनाओं में पंजीकरण सुनिश्चित किया गया।

जिला विकास प्रबंधक, नाबार्ड, नैनीताल ने ग्राम पंचायत, सहयोगी संस्थाओं, किसान उत्पादक संगठन, बैंकिंग संस्थानों और अभियान से जुड़े सभी हितधारकों को बधाई देते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ पहुंचाना वित्तीय समावेशन की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत ज्योली का यह मॉडल जिले की अन्य ग्राम पंचायतों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा और नाबार्ड भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी अभियानों को निरंतर प्रोत्साहित करता रहेगा।

See also  सीएमओ डॉ मनोज कुमार शर्मा नींद से जागे हालत बिडने पर भी स्वास्थ्य महकमे की टीम वारे स्वास्थ्य विभाग तेरी लीला अपरम्पार

नाबार्ड ने जिले की सभी ग्राम पंचायतों, स्वयंसेवी संस्थाओं, किसान उत्पादक संगठनों तथा बैंकिंग संस्थाओं से आपसी समन्वय और जनसहभागिता के साथ ऐसे अभियान चलाने का आह्वान किया है, ताकि प्रत्येक पात्र परिवार तक सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ पहुंचाकर समावेशी विकास के लक्ष्य को और मजबूत किया जा सके।


ख़बर शेयर करे -