तीनपानी में चापड़-छुरे से हमला करने वाले तीनों आरोपी गिरफ्तार, हल्द्वानी पुलिस की त्वरित कार्रवाई

ख़बर शेयर करे -

हल्द्वानी – तीनपानी क्षेत्र में चापड़ और छुरे से हमला कर युवक को गंभीर रूप से घायल करने के मामले में हल्द्वानी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और तकनीकी जांच की मदद से आरोपियों को 24 घंटे के भीतर दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई को यमन प्रकाश पुत्र वेद प्रकाश, निवासी तीनपानी, हल्द्वानी ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर बताया कि शनि मंदिर के पास सोनकर फार्म क्षेत्र में गौरव महतोलिया, सौरभ महतोलिया और सचिन महतोलिया ने उसके और उसके भाई के साथ गाली-गलौज व मारपीट की। आरोप है कि विवाद के दौरान तीनों ने वादी के भाई पर जान से मारने की नीयत से चापड़ और छुरे से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया तथा जान से मारने की धमकी भी दी।

तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। कार्रवाई के दौरान गौरव महतोलिया और सचिन महतोलिया को 31 जुलाई को मंगलपड़ाव क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। वहीं तीसरे आरोपी सौरभ महतोलिया को एक अगस्त को भोटियापड़ाव टैक्सी स्टैंड से दबोच लिया गया।

See also  नशा मुक्ति केंद्र में मिलीं गंभीर अनियमितताएं, डीएलएसए टीम ने किया औचक निरीक्षण

विवेचना के दौरान वादी, गवाहों और अभियुक्तों के बयान तथा घटनास्थल के निरीक्षण के आधार पर मुकदमे में धारा 3(5) बीएनएस की भी बढ़ोतरी की गई है। तीनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई को उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार, कांस्टेबल अरुण राणा, कांस्टेबल मोहम्मद अजहर एवं कांस्टेबल राहुल राणा की टीम ने अंजाम दिया।


ख़बर शेयर करे -