
कारगी चांदचक में हादसे के बाद पीड़ित परिवार से मिले कांग्रेस नेता, ₹21 हजार की आर्थिक सहायता दी
देहरादून – कारगी चांदचक क्षेत्र में अचानक एक मकान के क्षतिग्रस्त होकर गिरने से हड़कंप मच गया। हादसे के बाद आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और प्रभावित परिवार की मदद में जुट गए।
घटना की सूचना मिलने पर कांग्रेस नेता सुरेंद्र रागढ़ भी तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर मकान गिरने से हुए नुकसान की जानकारी ली। उन्होंने परिवार के सदस्यों को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस दौरान सुरेंद्र रागढ़ ने मानवीय पहल करते हुए पीड़ित परिवार को ₹21 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में जरूरतमंद परिवारों के साथ खड़ा होना ही सच्ची जनसेवा है। राजनीति से ऊपर उठकर समाज के सक्षम लोगों को ऐसे परिवारों की मदद के लिए आगे आना चाहिए।
पीड़िता बुशरा परवीन ने बताया कि उनके पति की तीन साल पहले मृत्यु हो चुकी है और उनके तीन बच्चे हैं। उन्होंने भावुक होकर कहा, “सर छुपाने के लिए यही हमारा छोटा सा आसरा था, वह भी खत्म हो गया। अब हमारे पास रोने के सिवा कुछ नहीं है। हम तो बर्बाद हो गए।”
सुरेंद्र रागढ़ ने प्रशासन से भी पीड़ित परिवार की स्थिति का संज्ञान लेते हुए आवश्यक राहत और सहायता उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि परिवार को आगे भी जरूरत के अनुसार सहयोग दिलाने के लिए संबंधित अधिकारियों के समक्ष मामला उठाया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से घटनास्थल का निरीक्षण कर मकान गिरने के कारणों और परिवार की स्थिति का आकलन करने की मांग की है। साथ ही प्रभावित परिवार को सुरक्षित स्थान पर ठहराने और आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई गई है।

