अब पहाड़ के युवाओं को नहीं जाना पड़ेगा बड़े शहर, घर बैठे मिलेगी प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग

देहरादून – प्रदेश के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में उत्तराखंड सरकार एक महत्वपूर्ण पहल करने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ का शुभारंभ करेंगे। योजना के तहत राज्य के युवाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।

सरकार का मानना है कि आर्थिक संसाधनों की कमी किसी भी प्रतिभाशाली युवा के सपनों के रास्ते में बाधा नहीं बननी चाहिए। इसी उद्देश्य से शुरू की जा रही यह योजना विशेष रूप से प्रदेश के दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों के युवाओं के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी। अब प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए युवाओं को बड़े शहरों का रुख करने की जरूरत नहीं होगी। वे घर बैठे विशेषज्ञ शिक्षकों और विषय विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में अपनी तैयारी कर सकेंगे।

योजना के अंतर्गत राज्य के विश्वविद्यालयों तथा शासकीय एवं सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसमें संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) और राज्य लोक सेवा आयोग (UKPSC) की सिविल सेवा परीक्षाओं, रक्षा सेवाओं, बैंकिंग, रेलवे और कर्मचारी चयन आयोग (SSC) सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शामिल होगी।

इसके साथ ही उच्च शिक्षा और पात्रता परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी विद्यार्थियों को मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। इनमें कॉमन एडमिशन टेस्ट (CAT), मैनेजमेंट एप्टीट्यूड टेस्ट, ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग (GATE), राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (NET) तथा CSIR-NET जैसी परीक्षाएं शामिल हैं।

पर्वतीय युवाओं के लिए बनेगी बड़ी सुविधा

पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले युवाओं के सामने अक्सर गुणवत्तापूर्ण कोचिंग संस्थानों की उपलब्धता और अतिरिक्त आर्थिक खर्च की चुनौती रहती है। मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना के माध्यम से सरकार इन बाधाओं को कम करने का प्रयास कर रही है। ऑनलाइन माध्यम से विशेषज्ञ मार्गदर्शन उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को अपने घर या कॉलेज से ही परीक्षा की तैयारी करने का अवसर मिलेगा।

योजना का उद्देश्य केवल कोचिंग उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि युवाओं को सही दिशा, बेहतर अध्ययन सामग्री और प्रतियोगी परीक्षाओं की रणनीतिक तैयारी के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना भी है। इससे प्रदेश के अधिक से अधिक युवा प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सरकारी सेवाओं और उच्च शिक्षा के अवसरों तक पहुंच बना सकेंगे।

सरकार की इस पहल को प्रदेश के युवाओं के भविष्य निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।