केदारनाथ यात्रा मार्ग पर हादसा, खाई में गिरा यात्री – रेस्क्यू टीमों ने संभाला मोर्चा

रुद्रप्रयाग – केदारनाथ यात्रा मार्ग पर सोमवार सुबह एक यात्री के खाई में गिरने की सूचना से हड़कंप मच गया। हादसा गौरीकुंड से आगे छौड़ी गधेरे के पास हुआ। घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और आपदा राहत दल को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि घटना की सूचना सुबह करीब 10:06 बजे प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ सोनप्रयाग, सेक्टर अधिकारी गौरीकुंड के साथ डीडीआरएफ, वाईएमएफ और आपदा मित्र टीम गौरीकुंड को भी अलर्ट करते हुए घटनास्थल के लिए भेजा गया।

राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचकर खाई में गिरे यात्री की तलाश में जुट गए हैं। टीमों द्वारा घटनास्थल के आसपास सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है। हालांकि, फिलहाल यात्री की पहचान, स्थिति और वह कितनी गहराई में गिरा है, इस संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

प्रशासन और राहत-बचाव दल की ओर से लगातार अभियान जारी है। यात्री के संबंध में जैसे-जैसे जानकारी सामने आएगी, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।