गोवा की राह में छूटा जिंदगी का सफर, ट्रेन की चपेट में आया 35 वर्षीय युवक

रुद्रपुर – दोस्तों के साथ गोवा घूमने निकले 35 वर्षीय युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। रविवार रात अमरदीप कॉलोनी-भूरारानी रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास रेलवे पटरी पर युवक का लहूलुहान शव मिलने से सनसनी फैल गई। मौके से टूटा हुआ मोबाइल फोन भी बरामद हुआ। प्रारंभिक जानकारी में युवक के ट्रेन से गिरने की बात सामने आई है, हालांकि हादसे से ठीक पहले क्या हुआ, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 10:38 बजे डायल-112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि रेलवे क्रॉसिंग के पास एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया है। सूचना मिलते ही आदर्श कॉलोनी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने देखा कि रेलवे पटरी के पास एक युवक का शव पड़ा था और शरीर से काफी खून निकल रहा था। शव के पास टूटा हुआ मोबाइल फोन भी मिला। तत्काल युवक की पहचान नहीं हो सकी।

पुलिस ने मोबाइल में लगे सिम कार्ड की मदद से परिजनों से संपर्क किया। इसके बाद मृतक की पहचान दीपक नैथवाल पुत्र नंद किशोर, निवासी गढ़ बागेश्वर के रूप में हुई।

बताया गया कि दीपक अपने दोस्तों रोहित कठायत, कैलाश और आनंद के साथ गोवा जाने के लिए निकला था। पुलिस पूछताछ में दोस्त रोहित ने बताया कि यात्रा के दौरान सभी ट्रेन के दरवाजे के पास खड़े थे। इसी दौरान अचानक दीपक नीचे गिर गया। घटना से घबराए दोस्त आगे चले गए और बाद में मुरादाबाद पहुंचने के बाद वापस लौट रहे थे।

इधर, सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया। पुलिस अब हादसे की परिस्थितियों के साथ ही दीपक के दोस्तों के बयानों की भी जांच कर रही है। सीओ विभव सैनी ने बताया कि मामले में सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।