बच्चों के बीच मिली नई ऊर्जा, दिव्यांग बच्चों संग सीएम धामी ने मनाया जन्मदिन

बड़कोट – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस के अवसर पर बुधवार को यमुनोत्री धाम मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान एवं पूजा-अर्चना की गई। यमुनोत्री धाम के रावल श्री पुरुषोत्तम उनियाल समेत मंदिर के अन्य पुजारियों ने विधिवत पूजा संपन्न कर मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और दीर्घायु की कामना की।

मुख्यमंत्री के जन्मदिवस पर यमुनोत्री धाम में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में प्रदेश की सुख-शांति और मुख्यमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन के लिए प्रार्थना की गई। पुजारियों ने मुख्यमंत्री के सफल एवं दीर्घ सार्वजनिक जीवन की कामना की।

पीएम मोदी ने दी जन्मदिन की शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, सुख और दीर्घायु की कामना करते हुए राष्ट्र एवं समाज के हित में उनके कार्यों की सराहना की। प्रधानमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के अनुभव, समर्पण और दूरदर्शिता से उत्तराखंड निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ेगा।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण की दिशा में देश आगे बढ़ रहा है। ऐसे में उत्तराखंड के सामर्थ्य, संसाधनों और जनशक्ति को नए आयाम देने के प्रयास महत्वपूर्ण हैं और इस दिशा में मुख्यमंत्री धामी का सक्रिय योगदान अहम रहेगा।

दिव्यांग बच्चों के साथ मनाया जन्मदिन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने जन्मदिवस पर देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान पहुंचकर दिव्यांग बच्चों के साथ समय बिताया। उन्होंने बच्चों के साथ केक काटकर जन्मदिन मनाया और उनसे संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के बीच बिताया गया समय उन्हें नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों का सशक्तिकरण समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है और उन्हें समान अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है।