
लालकुआं – लालकुआं पुलिस ने बंद मकान में चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण समेत 25 हजार रुपये की नकदी बरामद की है। मामले में शामिल दूसरा आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, हल्दूचौड़ निवासी कलावती भट्ट करीब दो माह पूर्व उपचार के लिए अपनी बेटी के पास बेंगलुरु गई थीं। इस दौरान उनका मकान बंद था। चार सितंबर 2026 को अज्ञात चोरों ने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली थी। शिकायत के आधार पर थाना लालकुआं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही सुरागरसी-पतारसी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। महत्वपूर्ण सुराग मिलने के बाद पुलिस ने 19 सितंबर को जयपुरबीसा, हल्दूचौड़ क्षेत्र से यासीन पुत्र सफी अहमद (35) निवासी डोंगपुरी, थाना गदरपुर, ऊधमसिंह नगर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी आबिद उर्फ लालू के साथ दिन में पेंट का काम तलाशने के बहाने क्षेत्र में घूमकर बंद मकानों की रेकी करता था। इसके बाद रात करीब 12 से 1 बजे के बीच आसपास के लोगों के सो जाने पर ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पीली धातु की फूलदार अंगूठी, चांदी का मंगलसूत्र, एक जोड़ी चांदी की पायल, दो जोड़ी चांदी के बिछुए तथा सोने के लॉकेट की बिक्री से प्राप्त 25 हजार रुपये बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस के अनुसार, फरार आरोपी आबिद उर्फ लालू के खिलाफ हल्द्वानी और लालकुआं थानों में चोरी समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में चौकी प्रभारी हल्दूचौड़ अर्जुन गिरी, कांस्टेबल गुरमेज सिंह और कांस्टेबल गणेश गिरी शामिल रहे।

