
नैनीताल – मां नंदा-सुनंदा देवी की प्राण प्रतिष्ठा के बाद दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं। महोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस बल मेला क्षेत्र समेत प्रमुख मार्गों पर लगातार मुस्तैद है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, क्षेत्राधिकारी नैनीताल अंजना नेगी एवं क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में पुलिस द्वारा मेला कमेटी के साथ समन्वय बनाकर व्यवस्थाएं संचालित की जा रही हैं।
मां नंदा-सुनंदा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के चलते पुलिस द्वारा भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और सुगम दर्शन की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मेला क्षेत्र में कंट्रोल रूम स्थापित कर व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही है। इसके अलावा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए खोया-पाया केंद्र भी बनाया गया है, जहां बिछड़े बच्चों, बुजुर्गों और अन्य लोगों को उनके परिजनों से मिलाने की व्यवस्था की गई है।
मेला क्षेत्र और आसपास के प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जा रही है। भीड़भाड़ वाले स्थानों, प्रवेश एवं निकास मार्गों तथा संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आवाजाही को देखते हुए यातायात व्यवस्था पर भी पुलिस की विशेष नजर है। मार्गों पर यातायात बाधित होने की सूचना मिलते ही पुलिस टीमें मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई कर यातायात सुचारू करा रही हैं। पुलिसकर्मी लगातार मेला क्षेत्र और प्रमुख सड़कों पर तैनात रहकर भीड़ एवं यातायात की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
नैनीताल पुलिस ने श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों से अपील की है कि वे अपने सामान और कीमती वस्तुओं का विशेष ध्यान रखें। बच्चों एवं बुजुर्गों को अकेला न छोड़ें तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर धैर्य बनाए रखते हुए पुलिस-प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी परिजन के बिछड़ने की स्थिति में तत्काल खोया-पाया केंद्र से संपर्क करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई है।

