नैनीताल_देवगुरू मंदिर में मोबाइल नेटवर्क व बिजली की मांग, सांसद ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को लिखा पत्र

ख़बर शेयर करे -

नैनीताल – जनपद के दूरस्थ क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। सांसद अजय भट्ट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा भारतीय दूरसंचार सेवा के प्रधान महाप्रबंधक संजय प्रसाद को पत्र लिखकर विकासखंड ओखलकांडा के ग्राम पुटपुड़ी, तुसराड़ में स्थित प्राचीन श्री देवगुरू मंदिर में सोलर सहित 4G बीटीएस मोबाइल टॉवर और बिजली व्यवस्था स्थापित करने की मांग की है।

पत्र में कहा गया है कि उक्त क्षेत्र में स्थित श्री देवगुरू मंदिर अत्यंत प्राचीन और आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां देश-विदेश से श्रद्धालुओं का लगातार आगमन होता रहता है। मान्यता है कि यहां बृहस्पति देव का वास है और श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

बताया गया कि हाल ही में उमा भारती भी मंदिर में दर्शन के लिए पहुंची थीं, जिससे इसकी धार्मिक महत्ता और अधिक स्पष्ट होती है। इसके बावजूद, मंदिर परिसर में अब तक न तो दूरभाष की सुविधा उपलब्ध है और न ही विद्युत व्यवस्था, जो एक गंभीर विषय बना हुआ है।

मंदिर से जुड़े संत प्रेमानंद तथा पूर्व राजस्व अधिकारी भुवन चंद्र कफल्टिया द्वारा इस समस्या से अवगत कराए जाने के बाद यह मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया है। पत्र में कहा गया है कि इतनी महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल पर बुनियादी सुविधाओं का अभाव श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों दोनों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है।

सांसद अजय भट्ट ने अपने पत्र में स्पष्ट किया है कि जनहित को देखते हुए मंदिर परिसर में शीघ्र बिजली व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और सोलर सिस्टम के साथ 4G बीटीएस मोबाइल टॉवर स्थापित किया जाए, ताकि दूरस्थ क्षेत्र में संचार सुविधा उपलब्ध हो सके।

See also  डीएम ने उत्तराखंड सीड्स एवं तराई विकास निगम द्वारा खरीफ 2024 में विक्रय हेतु उपलब्ध विभिन्न फसल प्राजातियो के प्रमाणित बीजो की राज्य में फुटकर बिक्री दर निर्धारण की

उन्होंने संबंधित अधिकारियों से इस दिशा में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करने का आग्रह किया है, ताकि क्षेत्र के विकास के साथ-साथ श्रद्धालुओं को भी आवश्यक सुविधाएं मिल सकें।


ख़बर शेयर करे -