गांधी-शास्त्री जयंती पर कांग्रेसजनों ने राष्ट्रनायकों को किया नमन

हल्द्वानी – राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर स्वराज आश्रम, हल्द्वानी में कांग्रेसजनों ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधी जी के सत्य, अहिंसा एवं सत्याग्रह तथा शास्त्री जी के सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को स्मरण किया।

कार्यक्रम में महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए देश को स्वतंत्रता आंदोलन के लिए एकजुट किया। उनके विचार आज भी समाज और राष्ट्र को दिशा देने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल कायम की। दोनों महापुरुषों के आदर्शों को जीवन और सार्वजनिक आचरण में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

जिला कांग्रेस महामंत्री मलय बिष्ट ने कहा कि गांधी और शास्त्री का जीवन देश के प्रत्येक नागरिक के लिए प्रेरणास्रोत है। गांधी जी ने सत्य, अहिंसा और सामाजिक एकता का संदेश दिया, जबकि शास्त्री जी ने अपने कर्म, सादगी और राष्ट्रसेवा के माध्यम से आदर्श प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को दोनों महापुरुषों के जीवन, संघर्ष और विचारों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र और समाज के हित में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

इस दौरान कांग्रेसजनों ने गांधी और शास्त्री के बताए मार्ग पर चलने तथा उनके आदर्शों और विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में हरीश मेहता, नरेश अग्रवाल, गोविंद बगडवाल, जया कर्नाटक, शोभा बिष्ट, रत्ना श्रीवास्तव, रेनू तोमर, मंजू पाण्डे, देवकी आर्य, गिरीश पाण्डे, हेमंत साहू, संदीप जोशी, संजु उप्रेती, राजेंद्र उपाध्याय, गोविंद बिष्ट, प्रेम चौधरी, मनोज बिष्ट, रंजीत डसीला, बबलू बिष्ट, अजय शर्मा, मोहम्मद दिलशाद सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद रहे।