
नैनीताल – मां नैना देवी मंदिर परिसर मल्लीताल में 16 से 21 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले 70वें दुर्गा पूजा सांस्कृतिक महोत्सव की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में जिला सभागार में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमेटी के पदाधिकारियों ने महोत्सव को लेकर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को महोत्सव की व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर पालिका, पर्यटन विभाग, विद्युत विभाग और अग्निशमन विभाग को आपसी समन्वय से मुख्य आयोजन स्थल और फांसी गधेरा क्षेत्र में मंच, पंडाल, प्रकाश, ध्वनि, साफ-सफाई और कचरा निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
एंबुलेंस और मेडिकल टीम रहेगी तैनात
जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को आयोजन स्थल पर एंबुलेंस, मेडिकल टीम और प्राथमिक उपचार केंद्र की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। खेल और शिक्षा विभाग को समन्वय बनाकर ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ की थीम पर जागरूकता मैराथन और वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।
17 से 19 अक्टूबर तक यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर
बैठक में बताया गया कि 17 से 19 अक्टूबर के दौरान विशेष कार्यक्रमों के चलते नैनीताल में भीड़ बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए पुलिस विभाग को यातायात व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए। तल्लीताल, मल्लीताल समेत प्रमुख क्षेत्रों में पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ अग्निशमन वाहनों की आवाजाही के लिए पर्याप्त मार्ग खुला रखने को कहा गया।
दीपदान के दौरान जल पुलिस और एनडीआरएफ रहेगी
महोत्सव के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों, दीपदान और झांकी समेत विभिन्न आयोजन होंगे। जिलाधिकारी ने भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। नैनी झील में दीपदान कार्यक्रम के दौरान जल पुलिस और एनडीआरएफ की व्यवस्था करने को भी कहा गया।
वहीं, 19 अक्टूबर को आयोजित होने वाले भंडारे में श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश जल संस्थान को दिए गए।
बैठक में दुर्गा पूजा कमेटी के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पीआरओ और मीडिया कोऑर्डिनेटर सहित व्यापार मंडल के पदाधिकारी, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, उपजिलाधिकारी नवाजिश खलिक तथा नगर पालिका, शिक्षा, स्वास्थ्य, अग्निशमन, खाद्य सुरक्षा, खेल, पुलिस, पर्यटन, जल संस्थान, पेयजल निगम और विद्युत विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

