
पंतनगर – गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में 3 से 6 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले 120वें अखिल भारतीय किसान मेले एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। मेले का उद्घाटन 3 अक्टूबर को सुबह 11 बजे उत्तराखंड के राज्यपाल करेंगे।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. शिवेंद्र कुमार कश्यप ने प्रेस वार्ता में बताया कि इस वर्ष किसान मेले की थीम ‘स्मार्ट खेती, स्वस्थ धरती, समृद्ध किसान’ रखी गई है। मेले में प्राकृतिक खेती, उन्नत बीज, आधुनिक कृषि यंत्र, ड्रोन तकनीक, कृषि स्टार्टअप और पारंपरिक फसलों के संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
400 से अधिक स्टॉल लगने की संभावना
किसान मेले में 400 से अधिक स्टॉल लगाए जाने की संभावना है। इनमें किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों, कृषि यंत्रों और कृषि से जुड़ी उपयोगी सेवाओं की जानकारी दी जाएगी। गेहूं, मक्का, मटर, तिलहनी सहित विभिन्न फसलों की उन्नत उत्पादन तकनीकों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
बीज और पौध पर 15 प्रतिशत छूट
विश्वविद्यालय की ओर से गेहूं, जौ, मसूर, चना और तिलहन सहित विभिन्न फसलों के प्रजनक बीज, अन्य बीज और पौध उपलब्ध कराए जाएंगे। इनकी मूल कीमत पर किसानों को 15 प्रतिशत की विशेष छूट देने की व्यवस्था की गई है।
शोध और एग्री-स्टार्टअप पर विशेष फोकस
इस बार मेले में शोध आधारित नवोन्मेषी तकनीकों, पारंपरिक खेती एवं बीज संरक्षण और एग्री-स्टार्टअप के लिए विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे। किसानों को नई तकनीकों और नवाचारों से परिचित कराने के साथ उन्हें खेती में इनके उपयोग की जानकारी भी दी जाएगी।
कुलपति ने कहा कि किसान मेला किसानों, वैज्ञानिकों, युवाओं और उद्यमियों के बीच संवाद का महत्वपूर्ण मंच बनेगा। इसके माध्यम से किसानों तक नई कृषि तकनीकों का हस्तांतरण और कृषि क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।

