
चोरगलिया – नैनीताल पुलिस ने तत्परता और तकनीकी सूझबूझ का परिचय देते हुए शॉपिंग के दौरान कार में छूटे एक महिला के कीमती सामान से भरे बैग को बरामद कर सकुशल उसके सुपुर्द कर दिया। चोरगलिया पुलिस और सीसीटीवी कंट्रोल रूम की संयुक्त कार्रवाई से महिला के चेहरे पर फिर से मुस्कान लौट आई।
पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को नयागांव कटान, थाना चोरगलिया निवासी ममता शर्मा पुत्री हरिश्चंद्र शर्मा अपने आगामी विवाह की खरीदारी के लिए चोरगलिया से हल्द्वानी आई थीं। खरीदारी पूरी करने के बाद वापस लौटते समय उनका बैग एक अज्ञात कार में छूट गया। घर पहुंचने पर बैग गायब मिलने से वह परेशान हो गईं। काफी तलाश करने के बाद भी जब बैग का कोई पता नहीं चला तो उन्होंने सीसीटीवी कंट्रोल रूम से संपर्क किया।
मामले की जानकारी मिलते ही चोरगलिया पुलिस और सीसीटीवी कंट्रोल रूम की टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। सीसीटीवी फुटेज की मदद से संबंधित वाहन की पहचान कर उसके स्वामी का विवरण जुटाया गया। इसके बाद पुलिस ने टनकपुर निवासी वाहन स्वामी से संपर्क साधा और प्रयासों के बाद महिला का बैग बरामद कर लिया।
पुलिस ने 15 नवंबर 2026 को आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बैग ममता शर्मा को सौंप दिया। बैग और उसमें रखा सामान सुरक्षित मिलने पर ममता शर्मा ने राहत की सांस ली। उन्होंने चोरगलिया पुलिस और सीसीटीवी कंट्रोल रूम की टीम का त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
नैनीताल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यात्रा और खरीदारी के दौरान अपने सामान तथा कीमती वस्तुओं का विशेष ध्यान रखें। किसी भी प्रकार की असुविधा या आपात स्थिति में तत्काल नजदीकी पुलिस थाने अथवा पुलिस कंट्रोल रूम से संपर्क करें।

