कलावती कॉलोनी में 14.83 लाख से बनेगी सीसी रोड और नाली, विधायक सुमित हृदयेश ने किया शिलान्यास

हल्द्वानी – हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र के वार्ड संख्या-9 स्थित कलावती कॉलोनी में सड़क और नाली निर्माण कार्य शुरू होने जा रहा है। रविवार को विधायक सुमित हृदयेश ने विधायक निधि से स्वीकृत 14.83 लाख रुपये की लागत से होने वाले सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।

इस दौरान वार्ड के पार्षद राजेंद्र जीना सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। लंबे समय से स्थानीय लोग सड़क और जल निकासी की समस्या के समाधान की मांग कर रहे थे। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ही जल निकासी की व्यवस्था में भी सुधार होगा।

इस अवसर पर विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि उनकी माता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय डॉ. इंदिरा हृदयेश ने हमेशा हल्द्वानी के विकास को प्राथमिकता दी। उन्होंने अपने कार्यकाल में क्षेत्र के विकास की मजबूत नींव रखी। उन्हीं की विकासवादी सोच और जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए वह हल्द्वानी के प्रत्येक क्षेत्र में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत हैं।

उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना और क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकता है। हल्द्वानी के विकास के लिए उनके प्रयास आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

शिलान्यास कार्यक्रम में महेश सिंह, अखिलेश सिंह, मुन्नी जोशी, रमेश जोशी, रेणु जोशी, लक्ष्मण सिंह, गरिमा पांडे, चंपा पांडे, मीना बसेरा, कमलापति पांडे, प्रकाश पांडेय, विनोद दानी, नितिन भट्ट, सावित्री पांडे, हिमांशी पांडे सहित क्षेत्र के अनेक लोग मौजूद रहे।