बाल दिवस पर भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के योगदान को किया गया याद

हल्द्वानी – भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती एवं बाल दिवस के अवसर पर महानगर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से स्वराज आश्रम में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पंडित नेहरू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और देश के निर्माण में उनके योगदान को याद किया।

कार्यक्रम में विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू स्वतंत्र भारत के शिल्पकार थे। उन्होंने देश को आधुनिक, वैज्ञानिक और प्रगतिशील दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिक्षा, विज्ञान, औद्योगिक विकास और लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत बनाने में उनका योगदान सदैव याद किया जाएगा। बच्चों के प्रति उनके विशेष लगाव के चलते ही उनके जन्मदिवस को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को नेहरू के विचारों और आदर्शों को आत्मसात करते हुए देश के विकास में अपनी भागीदारी निभानी चाहिए।

जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल ने कहा कि पंडित नेहरू ने देश की एकता, अखंडता, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने के लिए कार्य किया। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं। बाल दिवस हमें यह संकल्प लेने की प्रेरणा देता है कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, सम्मान और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि पंडित नेहरू ने लोकतांत्रिक मूल्यों, धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक समरसता को हमेशा प्राथमिकता दी। उन्होंने ऐसे भारत की कल्पना की थी, जहां प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और सम्मान मिले। उनके विचारों को केवल याद करना ही नहीं, बल्कि उन्हें अपने जीवन में अपनाना भी जरूरी है।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कांग्रेसजनों ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

इस दौरान हरीश मेहता, हेमंत बगड़वाल, प्रकाश पांडे, नरेश अग्रवाल, मलय बिष्ट, मधु सांगुड़ी, शोभा बिष्ट, जगमोहन चिलवाल, हरेंद्र क्वीरा, जाकिर हुसैन, गिरीश पांडे, गोविंद बगड़वाल, राजेंद्र उपाध्याय, संदीप भैसोड़ा, प्रदीप नेगी, संजू उप्रेती, कौशलेंद्र भट्ट, दिवेश तिवारी और विनोद कुमार सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।