
नैनीताल – राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग, नई दिल्ली की विशेष प्रतिवेदक (स्पेशल रैपोर्टियर) शोमिता बिस्वास की अध्यक्षता में शुक्रवार को नैनीताल क्लब, मल्लीताल में जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मानवाधिकार संरक्षण के साथ-साथ महिला, बालक, वृद्ध, दिव्यांग और समाज के कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए संचालित सरकारी योजनाओं एवं विभागीय व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन (पीपीटी) के माध्यम से अपने-अपने विभागों की योजनाओं, कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी प्रस्तुत की। इस दौरान महिला कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित राजकीय संस्थाओं—संप्रेषण गृह (किशोर), राजकीय संप्रेषण गृह (किशोरी), राजकीय महिला कल्याण एवं पुनर्वास केंद्र तथा राजकीय विशिष्ट दत्तक ग्रहण अभिकरण की व्यवस्थाओं और गतिविधियों की भी समीक्षा की गई।
नाबालिगों को समय पर मिले योजनाओं और सुविधाओं का लाभ
विशेष प्रतिवेदक शोमिता बिस्वास ने निर्देश दिए कि सभी नाबालिग बालक-बालिकाओं का निर्धारित समयसीमा के भीतर निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, सरकार की ओर से संचालित प्रत्येक योजना और उपलब्ध सुविधा का लाभ पात्र बच्चों तक समय पर पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और प्राप्त शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से किया जाए।
उन्होंने आश्रय गृहों, बाल कल्याण समिति तथा जिला मानसिक स्वास्थ्य इकाई की व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया। आयुर्वेद एवं यूनानी विभाग को निर्देशित किया कि बच्चों को मर्म चिकित्सा सहित अन्य उपयुक्त चिकित्सा सुविधाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाए, ताकि उनका शारीरिक स्वास्थ्य भी बेहतर बना रहे।
लंबित समस्याओं के समाधान के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश
बिस्वास ने अधिकारियों से कहा कि विभागों से संबंधित लंबित समस्याओं और आवश्यकताओं की पहचान कर उनके शीघ्र निराकरण के लिए प्रस्ताव तैयार किए जाएं। इन प्रस्तावों के साथ विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि आश्रय गृहों और अन्य संस्थानों में आवश्यक सुविधाओं का संचालन सुचारू रूप से किया जा सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक राय, जिला प्रोबेशन अधिकारी वर्षा आर्या, जिला कार्यक्रम अधिकारी अनुलेखा बिष्ट, जिला औषधि निरीक्षक अर्चना उप्पल, जिला समग्र शिक्षा अधिकारी अमित सनवाल, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. कृष्णा सिंह नपचयाल, पुलिस क्षेत्राधिकारी अंजना नेगी, बाल कल्याण पुलिस अधिकारी निशु गौतम, उपनिरीक्षक सुनीता कुंवर, सब इंस्पेक्टर चंपा जोशी, जिला समाज कल्याण अधिकारी विश्वनाथ गौतम, जिला कार्यक्रम प्रबंधक मदन मेहरा, धरोहर बाल आश्रय गृह के प्रकाश पांडे, पंचायती राज अधिकारी असलम अली, सहायक श्रम आयुक्त सुनील तिवारी, बाल कल्याण समिति के सदस्य गणेश बिष्ट सहित स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी और समन्वयक उपस्थित रहे।
बैठक का समन्वय जिला प्रोबेशन अधिकारी नैनीताल वर्षा आर्या ने किया।

