
रामनगर – पंजाब के कपूरथला से नैनीताल जिले के रामनगर घूमने पहुंची पर्यटक अंजली का खोया मोबाइल फोन पुलिस की तत्परता से बरामद हो गया। मोबाइल वापस मिलने पर पर्यटक ने नैनीताल पुलिस का आभार जताया।
जानकारी के अनुसार कपूरथला निवासी अंजली अपनी सहेलियों के साथ रामनगर क्षेत्र में घूमने आई थी। इसी दौरान उसका मोबाइल फोन कहीं खो गया। काफी तलाश के बाद भी मोबाइल नहीं मिलने पर अंजली ने 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना देने के साथ ही थाना पुलिस से भी शिकायत की।
सूचना मिलते ही रामनगर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मोबाइल फोन की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए खोए हुए मोबाइल फोन को बरामद कर लिया। इसके बाद पुलिस ने मोबाइल फोन को सकुशल पर्यटक अंजली के सुपुर्द कर दिया।
खोया मोबाइल वापस मिलने पर अंजली के चेहरे पर खुशी लौट आई। उन्होंने पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए नैनीताल पुलिस का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।

