नैनीताल जा रहा आनंदा डेयरी का शीत वाहन 200 फीट गहरी खाई में गिरा

नैनीताल – हल्द्वानी से नैनीताल की ओर दूध और अन्य डेयरी उत्पाद लेकर जा रहा आनंदा डेयरी का शीत वाहन सोमवार तड़के दो गांव के पास अनियंत्रित होकर करीब 200 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन चालक घायल हो गया, जबकि वाहन में लदा दूध और अन्य डेयरी उत्पाद बड़ी मात्रा में बर्बाद हो गए। गनीमत रही कि चालक ने वाहन के खाई में गिरने के दौरान बीच रास्ते में ही छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई।

जानकारी के अनुसार सुयालबाड़ी-रामगढ़ निवासी बालम सुयाल ट्रक संख्या यूके04-ए 9728 से आनंदा दूध डेयरी के उत्पाद लेकर नैनीताल जा रहे थे। सोमवार तड़के दो गांव के समीप अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे करीब 200 फीट गहरी खाई में जा गिरा।

हादसे के दौरान स्थिति को भांपते हुए चालक ने वाहन के खाई में गिरने से पहले ही छलांग लगा दी। हालांकि ऊंचाई से गिरने के कारण वह घायल हो गया।

पुलिस ने खाई में उतरकर किया रेस्क्यू

हादसे की सूचना मिलते ही ज्योलिकोट चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। कांस्टेबल मलकीत सिंह और अनूप सिंह समेत पुलिसकर्मियों ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद खाई में फंसे घायल चालक को बाहर निकाला।

इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से घायल बालम सुयाल को उपचार के लिए हल्द्वानी भेजा गया। पुलिस के अनुसार चालक की हालत की जानकारी उपचार के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

डेयरी उत्पादों की बड़ी खेप बर्बाद

हादसे में शीत वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें लदा दूध व अन्य डेयरी प्रोडक्ट बड़ी मात्रा में बर्बाद हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

कोतवाल हरपाल सिंह ने बताया कि घायल चालक को 108 एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए हल्द्वानी भेजा गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जानकारी जुटा रही है।