
नैनीताल – वीकेंड के चलते नैनीताल जिले के प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों पर पर्यटकों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। कैंची धाम, नैनीताल, भीमताल और मुक्तेश्वर की ओर बड़ी संख्या में वाहनों के पहुंचने से विभिन्न मार्गों पर यातायात का दबाव बना हुआ है।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में नैनीताल पुलिस ने प्रमुख मार्गों और पर्यटन स्थलों पर पुलिस बल तैनात किया है। थाना, चौकी, सीपीयू और यातायात पुलिस की टीमें सुबह से ही यातायात को व्यवस्थित करने में जुटी हैं। पुलिसकर्मी पर्यटकों और श्रद्धालुओं को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दे रहे हैं।
कैंची धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने यातायात डायवर्जन के साथ शटल सेवा की व्यवस्था की है। श्रद्धालुओं को शटल वाहनों के माध्यम से कैंची धाम भेजा जा रहा है और कतारबद्ध तरीके से नीम करोली बाबा के दर्शन कराए जा रहे हैं। इससे दर्शन व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के साथ ही मुख्य मार्ग पर यातायात का दबाव नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है।
नैनीताल पुलिस ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि वे निर्धारित कतार में ही चलें और कतार बदलकर दूसरी लाइन में जाने से बचें। वाहन चालकों से अनावश्यक ओवरटेकिंग नहीं करने, यातायात दबाव के दौरान धैर्य बनाए रखने और जल्दबाजी में लेन नहीं बदलने की अपील की गई है।
पुलिस ने लोगों से यातायात एवं पुलिस कर्मियों के निर्देशों का पालन करने, सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा कर यातायात बाधित नहीं करने तथा वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही पार्क करने को कहा है। पुलिस ने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में पर्यटकों और श्रद्धालुओं का सहयोग जरूरी है। लोगों का सहयोग हजारों यात्रियों की राह आसान बनाने में मदद करेगा।

