नैनीताल में 35 हजार से ज्यादा वाहन पहुंचे पहाड़, आज-कल ट्रैफिक प्लान सख्त

हल्द्वानी/नैनीताल – लॉन्ग वीकेंड और मौसम साफ होने के बाद नैनीताल, कैंची धाम, भवाली, भीमताल, अल्मोड़ा और जागेश्वर समेत पहाड़ी क्षेत्रों में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। विगत दिवस पहाड़ों की ओर 35 हजार से अधिक वाहनों की आवाजाही दर्ज होने के बाद नैनीताल पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। सभी राजपत्रित अधिकारियों, थानाध्यक्षों और पुलिस बल को प्रमुख मार्गों पर तैनात कर यातायात व्यवस्था संभाली जा रही है।

कैंची धाम में बढ़ती भीड़ को देखते हुए श्रद्धालुओं से मंदिर तक निजी वाहन ले जाने के बजाय निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़ा कर शटल सेवा से आगे जाने की अपील की गई है। भीमताल विकास भवन, भवाली चौराहा और सैनिटोरियम से शटल सेवाओं का संचालन किया जा रहा है। इन स्थानों से आगे निजी वाहनों को निर्धारित व्यवस्था के अनुसार अनुमति नहीं दी जाएगी।

आज शाम से वन-वे व्यवस्था

पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम पांच बजे के बाद यातायात को वन-वे व्यवस्था के तहत संचालित किया जाएगा। भीमताल तिराहे की ओर से वाहनों को नीचे की ओर एग्जिट कराया जाएगा। वहीं शाम साढ़े पांच बजे के बाद नैनीताल की ओर जाने वाले यातायात को करीब तीन घंटे तक नियंत्रित किया जाएगा, ताकि पहाड़ से लौट रहे वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर निकाला जा सके।

रविवार को छह घंटे पहाड़ की ओर जाने वाले वाहनों पर रोक

रविवार को शाम चार बजे से रात 10 बजे तक हल्द्वानी-काठगोदाम से नैनीताल, भीमताल और भवाली की ओर जाने वाले यातायात को करीब छह घंटे के लिए नियंत्रित किया जाएगा। हाइडल तिराहा, नरीमन तिराहा और काठगोदाम थाना क्षेत्र से पहाड़ की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही इस अवधि में रोकी जाएगी।

इस दौरान नैनीताल, कैंची धाम, भीमताल और भवाली की ओर से हल्द्वानी-काठगोदाम आने वाले वाहनों के एग्जिट को प्राथमिकता दी जाएगी। पुलिस ने वाहन चालकों से रविवार शाम चार बजे के बाद पहाड़ की ओर जाने से बचने और जरूरत होने पर वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है।

इन मार्गों का करें इस्तेमाल

नैनीताल जाने वाले वाहन कालाढूंगी मार्ग का इस्तेमाल कर सकेंगे। रुद्रपुर, बाजपुर, रामनगर, काशीपुर और मुखानी क्षेत्र से आने-जाने वाले वाहन चालक मुखानी-फतेहपुर-पटवा डांगर मार्ग का प्रयोग कर सकते हैं। आवश्यकता के अनुसार रामनगर, मुक्तेश्वर और फतेहपुर की ओर से जाने वाले वैकल्पिक मार्गों का भी इस्तेमाल किया जा सकता है।

कैंची धाम में वन-वे दर्शन व्यवस्था

कैंची धाम में भीड़ नियंत्रण के लिए वन-वे दर्शन व्यवस्था लागू की गई है। श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं। पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग में वाहन खड़ा करने और शटल सेवा का इस्तेमाल करने की अपील की है।

पुलिस-आरटीओ की संयुक्त टीम संभाल रही व्यवस्था

यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए पुलिस, यातायात पुलिस, आरटीओ और संबंधित विभागों की संयुक्त टीमें तैनात की गई हैं। प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल लगातार निगरानी कर रहा है। स्थानीय नागरिकों से भी रविवार शाम चार से रात 10 बजे तक अनावश्यक रूप से हल्द्वानी-काठगोदाम से पहाड़ की ओर यात्रा नहीं करने और अपनी यात्रा पूर्व नियोजित करने की अपील की गई है।

नैनीताल पुलिस ने यात्रियों से निर्धारित ट्रैफिक प्लान का पालन करने, पुलिसकर्मियों के निर्देशों में सहयोग करने और घर से निकलने से पहले अपने मार्ग की जानकारी लेने की अपील की है।